- पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए चुनौती है सिंगल यूज प्लास्टिक, न करें उपयोग।
- दुनिया की सबसे बड़ी खाद्य कंपनी को टक्कर दे सकती हैं यूपी की मातृशक्ति।
- गोमती उत्सव 2026 में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विभूतियों को गोमती गौरव सम्मान से किया सम्मानित।
- एक ही छत के नीचे स्मार्टफोन में सिमट गए हैं परिवार, समाज को फिर से एक साथ जोड़ते हैं उत्सव।
- नदी संस्कृति के महत्व को समझता है भारत, गोमती की निर्मलता और अविरलता को बनाए रखने का लें संकल्प।
- वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया से आगे बढ़कर वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन तक पहुंचा प्रदेश, स्थानीय व्यंजनों और हस्तशिल्पियों को मंच दे गोमती उत्सव।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी ने सिंगल यूज प्लास्टिक को पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए इसके उपयोग पर पूरी तरह से रोक लगाने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तात्कालिक लाभ के लिए प्लास्टिक का इस्तेमाल न केवल हमारी नदियों और प्रकृति को प्रदूषित कर रहा है, बल्कि यह हमारे सुरक्षित भविष्य के लिए भी एक बड़ा खतरा है, इसलिए आम जनमानस को इसका पूर्ण बहिष्कार करना चाहिए। हमारी मातृशक्ति अपने हुनर से दुनिया की सबसे बड़ी खाद्य कंपनी को भी सीधी टक्कर दे सकती है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ दिया था, जबकि वर्तमान सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ जैसी योजनाएं दी हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रमुख विभूतियों को ‘गोमती गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया।
स्मार्टफोन की दुनिया में सिमट रहे परिवारों को जोड़ते हैं उत्सव
मुख्यमंत्री ने वर्तमान जीवनशैली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज एक ही छत के नीचे रहने वाले परिवार के सदस्य अपने स्मार्टफोन में सिमट कर रह गए हैं। चार लोग अगर एक कमरे में बैठे हैं, तो चारों की दिशाएं अलग अलग होती हैं और वे मोबाइल फोन की दुनिया में ही व्यस्त रहते हैं। इस बढ़ते एकांगीपन को दूर करने के लिए उत्सव बहुत आवश्यक हैं। गोमती उत्सव जैसे आयोजन लोगों को घरों से बाहर निकालकर समाज और परिवार के साथ फिर से जुड़ने का शानदार अवसर प्रदान करते हैं।
गोमती आदि गंगा के रूप में इस क्षेत्र में है मान्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमती आदि गंगा के रूप में इस क्षेत्र में मान्य है और यह लखनऊ की आत्मा है। दुनिया की सभी महान सभ्यताएं और संस्कृतियां नदियों के तट पर ही फली फूली हैं और भारत के प्रमुख तीर्थ भी नदियों के किनारे ही स्थित हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा मानव सभ्यता के उद्गम से लेकर अब तक अपनी नदी संस्कृति के महत्व को समझा है।
वैश्विक मान्यता प्राप्त कर रहा अयोध्या का दीपोत्सव
2017 से पहले अयोध्या में दीपावली पर कोई आयोजन नहीं होता था। आज अयोध्या का दीपोत्सव दुनिया का सबसे भव्य आयोजन बन चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि अयोध्या का दीपोत्सव इसी ऊंचाई के साथ आगे बढ़ता रहा, तो एक दिन यूनेस्को भी इसे वैश्विक मान्यता प्रदान करेगा। भारत की आस्था और संस्कृति उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक एक समान है, जो एक श्रेष्ठ और सुरक्षित भारत की भावना को मजबूत करती है।
गोमती की अविरलता और निर्मलता को बनाए रखने का संकल्प
गोमती नदी के संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ से पहले तक गोमती की धारा अविरल और निर्मल है, लेकिन शहर में प्रवेश करते ही यह अपने अस्तित्व को खो देती है। राज्य सरकार ने गोमती में गिरने वाले नालों और सीवर को रोकने के लिए नए एसटीपी का निर्माण कराया है। उन्होंने उत्सव समिति से अपील की कि गोमती उत्सव की शुरुआत नदी की शुद्धता, अविरलता और निर्मलता के संकल्प के साथ होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग तत्काल रोका जाना चाहिए। यह पर्यावरण, स्वास्थ्य और सुरक्षा तीनों के लिए एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि लोग पूजा के बाद प्लास्टिक का कचरा नदियों में फेंक कर जल को अपवित्र करते हैं, जो महापाप है। मुख्यमंत्री ने लोगों से कपड़े या डिस्पोजेबल बैग का इस्तेमाल करने की अपील की ताकि नदियों की धारा अवरुद्ध न हो और गंदगी न फैले।
वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन को दें बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने गोमती उत्सव समिति को सुझाव दिया कि इस आयोजन को पर्यटन और संस्कृति विभाग के साथ जोड़ा जाए। स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और पारंपरिक व्यंजन बनाने वालों को इस उत्सव में बड़ा मंच प्रदान किया जाना चाहिए। इससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा, बल्कि शुद्धता की गारंटी के साथ लोगों को पारंपरिक व्यंजनों से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
इन विभूतियों को मिला गोमती गौरव सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रो. सुनीता मिश्रा, राजेश पांडेय, डॉ. सुनीता चंद्रा, जयंत कृष्णा, आत्मप्रकाश मिश्रा, विनोद मिश्रा, अंबिका प्रसाद बाजपेयी, डॉ. सुमित रुंगटा, सूर्यमणि सिंह, डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. सोनिया नित्यानंदन, संदीप तिवारी, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडेय, सुरेश बहादुर सिंह और अतुल अग्निहोत्री को गोमती गौरव सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर गोमती उत्सव के मुख्य संरक्षक राजीव मिश्रा, गोमती उत्सव के परिकल्पक व कवि सर्वेश अस्थाना, उत्सव समिति के अध्यक्ष रामकृष्ण यादव, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति सर्वनारायण झा, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंदन और पार्षद मालती यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



