जनजातीय गौरव दिवस, 15 नवम्बर बिरसा मुंडा : राष्ट्रीय चेतना का वनवासी स्वर

प्रमोद दीक्षित ʺमलयʺ
प्रमोद दीक्षित ʺमलयʺ

वर्ष था 1898, और दिनांक थी 28 जनवरी। बंगाल प्रेसिडेंसी के रांची जेल के फाटक पर वनवासियों का समूह एकत्रित हो चुका था। वातावरण में ठिठुरन थी पर लोगों के तन-मन में उत्साह की गर्माहट समाई हुई थी।आंखों में अपने मार्गदर्शक से मिलने के लालसा एवं बेचैनी थी। उनकी नजरें जेल के मुख्य द्वार पर थीं कि तभी चरमराहट के साथ फाटक खुला और और एक किशोर वनवासी बाहर निकला। उपस्थित वनवासियों ने उसे कंधों पर उठा लिया। युवक ने मुट्ठी आकाश में उठा हुंकार भरी, अबुआ दिशुम, अबुआ राज (अपना देश, अपना राज)। भीड़ ने यह नारा दुहराया और उच्च स्वर से उद्घोष किया – बिरसा भगवान की जय, धरती आबा-बिरसा मुंडा।

  यह किशोर कोई और नहीं बल्कि वनवासियों के लिए भगवान बन चुका बिरसा मुंडा था, जिसे वनवासी समाज आदर से ‘धरती आबा’ नाम से पुकार अपनी श्रद्धा निवेदित कर रहे थे। वनवासियों में राष्ट्रीय चेतना की अलख जगाने वाले बिरसा मुंडा की जन्म जयंती 15 नवम्बर को देश ‘जनातीय गौरव दिवस’ के रूप में मना भारत की स्वतंत्रता में योगदान देने वाले वनवासी समाज के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करता है। उल्लेखनीय है कि बिरसा मुंडा को राजद्रोह के लिए आदिवासियों को प्रेरित करने के आरोप में 24 अगस्त, 1895 में गिरफ्तार 50 रुपये जुर्माना लगाया गया था। वह उस दिन दो साल के सश्रम कारावास से मुक्त हुए थे।

       बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवम्बर, 1875 को बंगाल प्रेसिडेंसी अंतर्गत रांची जिले के उलिहातू गांव में (पाठांतर से चलकद गांव में) एक वनवासी परिवार में हुआ था, जो वर्तमान में झारखंड के खूंटी जनपद में है। पिता सुगना मुंडा एवं माता कर्मी मुंडा नवजात शिशु को देख फूले न समाए किंतु घर की दीवारों पर टंगी निर्धनता की चादर देख उदास हो गये। गरीबी और जमींदारों के शोषण तथा अंग्रेजों के अत्याचार से वनवासी मुंडा समाज कराह रहा था। अंग्रेजी सत्ता जल, जंगल और जमीन के वनवासियों के सामूहिक हक ‘खूंटीकट्टी’ को समाप्त कर धीरे-धीरे वनवासियों को बेदखल कर रही थी। प्राकृतिक संसाधनों की लूट चरम पर थी। अंग्रेजों के आधुनिक हथियार एवं सुसंगठित सैन्य दल के सम्मुख वनवासियों का विरोध कहां तक ठहरता जो परम्परागत हथियारों तीर-कमान, लाठी और बरछी पर आश्रित था। फलत: विरोध में उठा हर स्वर निर्दयतापूर्वक दबा दिया जाता।

वनवासियों का सरल स्वभाव एवं अशिक्षित होना तथा नेतृत्व का अभाव भी बड़ा कारण था कि मुंड़ा और अन्य वनवासी समाज असंगठित एवं बिखरा हुआ था। ऐसे संकट के समय में बढ़ते हुए शिशु बिरसा मुंडा विद्यालय जाने की अवस्था पर पहुंचा तो पिता ने गांव साल्गा में शिक्षक जयपाल नाग के हाथों में बिरसा को सौंप दिया। बालक बिरसा जीवन में जैसे कुछ अलग करने के लिए ही जन्मा था, वह पढ़ाये गये पाठ यथाशीघ्र सीख शिक्षा के सोपान चढ़ने लगा। साल्गा में शुरुआती शिक्षा के बाद आगे की पढ़ाई कहां हो, इस प्रश्न का उत्तर पिता सुगना मुंडा को जर्मन मिशन स्कूल चाईबासा खींच ले गया।

READ ALSO : प्रेम करना भी एक कला है..!

  मिशनरी संस्थाएं सेवा और शिक्षा के बहाने वनवासी समाज का धर्मांतरण करने के अपने छिपे उद्देश्य को पूरा करने में जुटी थीं। अब शिक्षा का द्वार तभी खुलने वाला था जब परिवार ईसाई मत स्वीकार करे। अंततः 1886 को बिरसा को स्कूल में प्रवेश मिला और परिवार को ईसाई धर्म में। सन् 1890 तक बिरसा मिशन स्कूल में पढ़ते रहे। यहां बिरसा समझ सके कि वनवासी समाज के शोषण का कारण उनकी अशिक्षा, अंधविश्वास और घोर गरीबी है। मिशनरी का छिपा उद्देश्य भी वह समझ गये। पुरखों की परम्परा एवं स्वधर्म पर अडिग विश्वास ने बिरसा को मूल धर्म की मुख्य धारा की ओर मोड़ दिया। मिशनरी स्कूल ने बिरसा के माध्यम से मतांतरण के स्वप्न को पूरा होते न देख, उसे स्कूल से निकाल दिया। 15 वर्ष का वह किशोर गांव वापस आ गया और सत्य की खोज में जुट गया। इसी बीच एक संत से तीन वर्ष तक वैष्णव सम्प्रदाय के बारे में जाना-समझा और तब मांसाहार त्याग हल्दी से रंगी सूती धोती और खड़ाऊं पहन समाज जागरण के काम में लगे। बचपन में मौसी के गांव में बांसुरी और इकतारा ‘तुइला’ बजाने में प्राप्त कुशलता तथा वाणी कि मधुरता लोगों को आकर्षित करने का साधन बन गई थी।

        जर्मन मिशन स्कूल छोड़ने के बाद बिरसा वनवासियों का संगठन करने, जमींदारी प्रथा एवं राजस्व व्यवस्था के विरुद्ध लोक जागरण करने के पथ पर अग्रसर हुए। मुंडा, उरांव और खारिया जनजातियों के युवक-युवतियों और बड़े-बुजुर्गों से तार्किक संवाद कर अंधविश्वास की जकड़न से दूर कर शिक्षा के महत्व से परिचित कराया। बीमारियो के लिए उचित चिकित्सा की राह दिखाई। फलत: सभी जनजातियां एक सूत्र में गुंथ-एकत्रित हो सुवासित हार बन गईं। इस कारण ईसाई मिशनरियों का भात-भोजन, कपड़ा और दवाई का लालच देकर ईसाई पंथ में मतांतरित करने का कार्य बाधित हुआ, साथ ही प्राकृतिक संसाधनों की लूट के विरुद्ध सशस्त्र विद्रोह से अंग्रेजी सत्ता का क्रोध भी चरम पर पहुंचने लगा था। इसी दौरान बिरसा मुंडा वनवासियों की सुरक्षा और अंग्रेजों से युद्ध के लिए एक सुरक्षित स्थान डंबारी पहाड़ी को अपना ठिकाना बनाया जो घने जंगलों एवं ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण अंग्रेजी सेना की पहुंच से दूर था।

  बिरसा मुंडा ने ‘बिरसाइत’ मत की स्थापना की और गांव-गांव घूमते, लोगों के बात कर समझाते। वनवासी उनकी बातों को ध्यान से सुनते, विश्वास करते और उनके प्रति श्रद्धा-सम्मान समर्पित करते। वनवासी समाज बिरसा मुंडा को एक अलौकिक व्यक्तित्व समझने लगा था। उनकी एक आवाज पर मुंडा, खारिया, उरांव जनजाति के हजारों युवक-युवतियों ने अंग्रेजी सत्ता के विरुद्ध विद्रोह का  बिगुल फूंका। विद्रोह का नाम दिया- उलगुलान अर्थात् महान विद्रोह। बिरसा ने नारा दिया- अबुआ राज एते जाना, महारानी राज कुंडू जाना (रानी का राज समाप्त है और अपना राज आरंभ हुआ)। यह नारा लोगों का कंठहार बना गया। जगह-जगह विद्रोह होने लगा। अंग्रेज सिपाही मारे जाने लगे। 1899 में क्रिसमस के अवसर पर रांची के चर्च, जमींदारों के मकानों और थानों को जलाने का प्रयास हुआ। 5 जनवरी, 1900 को दो सिपाही मौत के घाट उतार दिए और खूंटी थाना पर जोरदार हमला किया। इन हमलों से अंग्रेज बौखला गये और बिरसा मुंडा की जानकारी देने वाले को 500 रुपये का इनाम घोषित किया। इनाम के लालच में एक व्यक्ति ने डंबारी पहाड़ी का गुप्त रास्ते का पता बता दिया।

  डंबारी पहाड़ी पर 9 जनवरी, 1900 को सुबह से मुंडा, उरांव, खारिया जनजाति के हजारों  वनवासी स्त्री-पुरुषअपने परम्परागत हथियारों के साथ इकट्ठा हो रहे थे। ‘उलगुलान’ का उत्साह हिलोरें मार रहा था। बिरसा एकत्रित समाज को सम्बोधित कर अगली योजना पर बातचीत कर रहे थे, कि तभी बिना किसी चेतावनी के गोलियों की तड़तड़ाहट से पहाड़ी गूंज गई। वृक्षों पर बैठे पक्षी उड़ने लगे। सियार-लोमडी इधर-उधर भागने लगे। अंग्रेजी सेना ने पहाड़ी को घेर लिया था, वनवासियों ने विरोध किया पर  अचानक हुए हमले से सैकड़ों लाशों से पहाड़ी पट गई। जलियांवाला कांड के बीस साल पहले हुआ यह बड़ा नरसंहार था पर इतिहास में इसकी वैसी चर्चा नहीं हो सकी क्योंकि अंग्रेजों ने इस घटना को दबा दिया। हमले के बीच से अनुयायी बिरसा मुंडा को सुरक्षित निकाल ले जाने में सफल हुए। सिपाही पीछे पड़े रहे। जासूसों का जाल फैला हुआ था। और 3 फरवरी, 1900 को बिरसा मुंडा घने जंगल के मध्य सोते समय साथियों के गिरफ्तार कर रांची जेल में कैद कर दिए गये। 460 आरोपितों पर 15 विभिन्न मुकदमे चलाए गये। जिला जज ने जेल से न्यायालय तक बिरसा को पैदल लाने का आदेश दिया ताकि वनविसी समाज में संदेश जा सके कि अंग्रेजों के विरुद्ध सिर उठाने का परिणाम क्या होता है। न्यायलय में पेशी के दिन सड़क के दोनों ओर हजारों लोग बिरसा मुंडा की जय-जयकार करते हुए फूल बरसा रहे थे। जज को बिरसा के विरुद्ध उचित साक्ष्य नहीं मिले, मुकदमा कमजोर था किंतु बिरसा को छोड़ना मंजूर न था। अत: खानापूर्ति कर जेल भेज दिया गया।

  जेल अधिकारियों ने साजिशन बिरसा की दातुन और भोजन में धीमा विष मिलाना आरम्भ किया, परिणामत: 9 जून, 1900 को रांची जेल में मां भारती का वीर सपूत लौकिक जीवन पूर्ण कर हमेशा के लिए प्रत्येक भारतीय के हृदय में बस गया। बिरसा मुंडा की स्मृति को संजोने के लिए सरकारों ने सड़कों, संस्थानों के नाम उन पर रखे, चौराहों पर मूर्तियां स्थापित किया ताकि भारत की भावी पीढ़ी प्रेरित होती रहे। डाक टिकट जारी किए और संसद के केंद्रीय कक्ष में बिरसा मुंडा का तैल चित्र स्थापित किया जो प्रेरणा दीप की भांति देश का पथ प्रशस्त कर रहा है।

Related Articles

Back to top button