भारतीय सभ्यता के ज्ञान का दुनिया ने माना लोहा

हृदयनारायण दीक्षित
हृदयनारायण दीक्षित

भारत की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति और प्राचीन ज्ञान परंपरा को वैश्विक मंच पर एक बार फिर सम्मान मिला है। यूनेस्को ने महाभारत, कौटिल्य के अर्थशास्त्र और कल्हण की राजतरंगिणी की प्राचीन पांडुलिपियों को ‘मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड एशिया रजिस्टर’ में शामिल किया है। यह उपलब्धि केवल तीन महान ग्रंथों का सम्मान नहीं, बल्कि भारत की हजारों वर्षों पुरानी बौद्धिक, दार्शनिक और सांस्कृतिक विरासत की वैश्विक पहचान है। भारत की ज्ञान परंपरा का यह गौरव हमें अपनी अमूल्य धरोहर को पढ़ने, समझने और संरक्षित करने की प्रेरणा देता है।


भारतीय संस्कृति का उद्भव इतिहास के जन्म से भी पुराना है। सारी दुनिया के विद्वान और ज्ञान अभिलाषी भारतीय संस्कृति और धर्म से प्रेरित रहे हैं। इस संस्कृति के प्रतीक और प्रतिमान भारत के लिए स्वाभिमान का विषय हैं। बीते 5 नवंबर को इण्डोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित यूनेस्को की ग्यारहवीं बैठक से उत्साहवर्धक सूचना आई है। इस बैठक में भारत के महाकाव्य महाभारत, कौटिल्य का अर्थशास्त्र, कल्हड़ की राजतरंगिणी की प्राचीन पाण्डुलिपियों को मेमोरी ऑफ दि वर्ल्ड एशिया रजिस्टर में सम्मिलित करने की घोषणा की गई है। इसके पहले 2024 में रामचरितमानस, पंचतंत्र और सहृदयालोक लोचन को इसी सूची में शामिल किया गया था। दुर्भाग्य से राजनीतिक कारणों से देश का वातावरण कलहपूर्ण हो गया है। भारत और भारत के मन को आनंदित करने वाली ऐसी सूचनाओं पर कोई उत्सव नहीं है। इस महत्वपूर्ण सूचना को राष्ट्रीय विमर्श और आनंद का विषय नहीं बनाया गया। अच्छा होता कि जनमानस में भारत का राष्ट्रीय वैशिष्टयाभिमान बढ़ाने वाली इस घोषणा की चर्चा की जाती। तीनों ग्रंथ असाधारण रूप से प्रतिष्ठित हैं।

READ ALSO : अलीगढ़ में संदीप सिंह के तिलक उत्सव में पहुंचे CM योगी, दोनों भाइयों को दिया आशीर्वाद


कौटिल्य का अर्थशास्त्र लगभग 340 ईसापूर्व की रचना है। यह दुनिया का प्राचीनतम अर्थशास्त्र है। भारतीय दर्शन और परंपरा को भाववादी बताने वाले पश्चिमी विद्वान और उनके समर्थक अर्थशास्त्र का भौतिकवाद नहीं देखते। कौटिल्य ने अर्थशास्त्र की शुरुआत में ही शुक्राचार्य और बृहस्पति को नमस्कार किया है। शुक्राचार्य के मत का उल्लेख भी हुआ है। अर्थशास्त्र की सामग्री यथार्थवादी दर्शन से भरी पूरी है। अर्थशास्त्र की तुलना मेकियावली द्वारा लिखित ’प्रिंस’ से की जाती है। राजपुत्रों से देश की रक्षा का विषय मजेदार है। कहा गया है कि राजा को पुत्रों की गतिविधि पर ध्यान रखना चाहिए। ये केकड़े की तरह देश का नुकसान करते हैं। अर्थशास्त्र में राजकोष, सैन्य संगठन, सीमा विस्तार और चुंगी जैसे कराधान की चर्चा है। बड़ी बात है कि कौटिल्य ने अर्थशास्त्र में राजव्यवस्था के सभी अंगों और उद्देश्यों पर ईसा के 350 वर्ष पहले ही सम्यक विचार कर लिया था।


महाभारत में कुल लगभग 1,10,000 श्लोक हैं। एक लाख से अधिक श्लोक होने के कारण इसे ‘शतसाहस्री संहिता‘ भी कहा जाता है। इस ग्रंथ का विकास तीन चरणों में हुआ था। महर्षि वेदव्यास द्वारा रचित मूल ग्रंथ ‘जय‘ में 8,800 श्लोक थे। महाभारत का संपादन लगातार होता रहा है। बाद में इसमें श्लोकों की संख्या 24,000 हुई और यह ‘भारत‘ कहलाया। अंत में एक लाख से अधिक श्लोक और 18 पर्व हो गए। यह ‘महाभारत‘ के नाम से प्रसिद्ध हुआ। भारतीय दर्शन का प्रतिनिधि ग्रन्थ गीता महाभारत के भीष्म पर्व का ही हिस्सा है। महाभारत के इस हिस्से को दुनिया के सैकड़ों विद्वानों ने बार बार पढ़ा है। गीता दर्शन के अलावा महाभारत में राजनीति, अर्थशास्त्र, नीतिशास्त्र, इतिहास और धर्मशास्त्र पर तमाम सामग्री है। इसमें ऋग्वेद की परंपरा है। उपनिषदों का दर्शन है। पुराणों का यथार्थ दार्शनिक भाववाद है। धर्म पर अनेक विचार हैं। ज्ञान और विवेकपूर्ण विमर्श है। यक्ष प्रश्नों वाला हिस्सा विवेकपूर्ण है।

एक मजेदार प्रश्न है कि जीवन मार्ग क्या है?-काः पंथाः। युधिष्ठिर का उत्तर है कि, ”ऋषि अनेक हैं। वेद वचन भिन्न भिन्न हैं। तर्क से बात नहीं बनती। धर्म का तत्व गुहा में है। इसलिए महापुरुषों द्वारा अपनाया गया मार्ग ही सही मार्ग है। युधिष्ठिर धर्मराज होकर भी धर्म पर निर्णायक वक्तव्य नहीं देते। द्रौपदी जुएं के खेल में अपनानित हुई थी। उसने आरोप लगाया कि इन राजाओं का धर्म भ्रष्ट हो गया है। भीम कहते हैं कि जुआं खेलना राजधर्म है। महाभारत कालजयी रचना है। दुनिया के सभी विचार इस महाकाव्य में हैं।”


’राजतरंगिणी’ कश्मीरी पंडित कल्हण द्वारा 12वीं शताब्दी में संस्कृत भाषा में रचित एक प्रसिद्ध ऐतिहासिक महाकाव्य है। इसका शाब्दिक अर्थ ‘राजाओं की नदी‘ होता है। यह ग्रंथ कुल आठ अध्यायों (तरंगों) में विभाजित है। प्रत्येक तरंग ज्ञानपूर्ण है। इसमें महाभारत काल से लेकर कल्हण के समय तक के कश्मीर के राजाओं का क्रमबद्ध इतिहास दर्ज है। कल्हण ने शिलालेखों और पुराने सिक्कों के अध्ययन के आधार पर यह ग्रंथ लिखा था। यह पुस्तक केवल युद्धों तक सीमित नहीं है, बल्कि तत्कालीन समाज, धर्म, संस्कृति और आम जनता की दशा पर भी प्रकाश डालती है। बिना किसी पक्षपात के राजाओं के गुणों और दोषों का वर्णन करने के कारण इसे भारतीय इतिहास का पहला प्रामाणिक ग्रंथ माना जाता है।
ग्रंथ का दार्शनिक पक्ष भी इसके ऐतिहासिक विवरण जितना ही गहरा और प्रभावशाली है और तथ्य और ज्ञान से भरीपूरी है। कल्हण ने सत्ता के लिए होने वाले रक्तरंजित संघर्षों के माध्यम से जीवन की नश्वरता को दर्शाया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सांसारिक वैभव, राजपाट और अहंकार सब कुछ क्षणभंगुर हैं। इस महाकाव्य का मुख्य रस ‘शांत रस‘ है। ये पाठकों को वैराग्य और आत्मचिंतन की ओर ले जाता है। कल्हण के अनुसार, मनुष्य के कर्म ही उसके उत्थान और पतन का असली कारण बनते हैं। राजाओं के पतन की कहानियां सुनाकर वे यह संदेश देते हैं कि धर्म और नैतिकता ही शाश्वत सत्य हैं। यह पुस्तक इतिहास के दर्पण में जीवन के अंतिम सत्य और शांति की खोज करती है।


अपने इसी गहरे दार्शनिक संदेश को पहुँचाने के लिए कल्हण ने एक प्रभावशाली साहित्यिक शैली का सहारा लिया है। साहित्यिक दृष्टि से भी ‘राजतरंगिणी‘ संस्कृत काव्य परंपरा की एक अनुपम कृति है। कल्हण की लेखन शैली अत्यंत सरल, प्रवाहपूर्ण और हृदयस्पर्शी है। उन्होंने कठिन ऐतिहासिक तथ्यों और जीवन के गूढ़ सत्यों को रोचक बना दिया है। उनकी भाषा में अनावश्यक आडंबर नहीं है। विचारों की स्पष्टता और गहराई है। प्रकृति वर्णन, मानवीय संवेदनाओं का चित्रण है। सूक्तियों का प्रयोग है। ग्रंथ सुंदर है। यह रचना इतिहास के रूखेपन से मुक्त है। ग्रंथ की शैली उसे एक जीवंत और पठनीय महाकाव्य का रूप देती है।


इसी प्रकार ऋग्वेद, रामचरितमानस, पंचतंत्र आदि ग्रंथ भी यूनेस्को द्वारा सम्मानित किए गए हैं। भारत स्वयं में एक महाकाव्य है। भारत के लिए यह गौरव का विषय है। भारत को विश्वगुरु बिलावजह नहीं कहा जाता। ऐसे अनेक महाग्रंथ भारत में हैं। उन्हें पढ़ना चाहिए। जांचना और जानना चाहिए कि भारत की अभिव्यक्ति का विराट समूचे अस्तित्व को कैसे समाहित करता रहा है? इसका अंतरंग लोकमंगल से भरा पूरा है।

Related Articles

Back to top button