यह कैसा हिंदुस्तान…

सच बोलो तो दुश्मनी, झूठों का सम्मान।  कैसा युग यह आ गया, कैसा हिंदुस्तान॥

चेहरे पर मुस्कान है, दिल में भरा विकार।  ऐसे लोगों से भरा, आज यहाँ संसार॥

चोर लुटेरे बन गए, इज्जत के हकदार।  ईमानदार के लिए, बंद हुए दरबार॥

झूठों की महफिल सजी, सच बैठा लाचार।  कैसे-कैसे दिन हुए, कैसा यह व्यवहार॥

जिनके हाथों में कभी, दिखता था हथियार।  आज उन्हीं के नाम पर, होते हैं सत्कार॥

गिरगिट भी शरमा गया, देखे रंग हजार।  मौसम से पहले बदल, इंसानी किरदार॥

मतलब के रिश्ते हुए, मतलब का संसार।  काम निकलते ही यहाँ, बदल गया व्यवहार॥

कुर्सी पाकर भूल गए, अपनी ही पहचान।  जनता के सेवक बने, बन बैठे भगवान॥

—– डॉ. सत्यवान सौरभ

Related Articles

Back to top button