UP e-SARTHI: अब बेड देखकर अस्पतालों में रेफर होंगे मरीज, योगी सरकार की नई पहल

e-SARTHI से बदलेगी यूपी की रेफरल व्यवस्था, अब बेड की उपलब्धता देखकर अस्पतालों में भेजे जाएंगे मरीज। योगी सरकार की डिजिटल पहल से मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत, 16 नवंबर से सैफई में शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट; लखनऊ के बड़े अस्पतालों पर भी कम होगा दबाव।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक नई डिजिटल पहल शुरू होने जा रही है। इसके तहत अब मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया बेड की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों और उपचार संबंधी सुविधाओं के आधार पर पूरी की जाएगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से विकसित e-SARTHI (डिजिटल रोगी रेफरल प्रणाली) का पायलट प्रोजेक्ट 16 नवंबर 2026 से उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS), सैफई को हब बनाकर शुरू होगा।

इस नई व्यवस्था से मरीजों को अस्पतालों के चक्कर लगाने और रेफरल के बाद बेड नहीं मिलने जैसी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा, जिससे मरीजों को उनकी बीमारी और उपचार की जरूरत के अनुसार सही चिकित्सा संस्थान तक पहुंचाया जा सकेगा।

बेड की उपलब्धता देखकर होगा मरीजों का रेफरल

e-SARTHI प्रणाली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि मरीज को दूसरे अस्पताल भेजने से पहले वहां बेड और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। संबंधित अस्पतालों को अपने यहां उपलब्ध बेड और सेवाओं की स्थिति नियमित रूप से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपडेट करनी होगी।

इसके लिए प्रत्येक संबंधित विभाग को हर दो घंटे में बेड और सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी अपडेट करना अनिवार्य होगा। इससे रेफरल करने वाले चिकित्सक को यह पता चल सकेगा कि किस अस्पताल में मरीज के उपचार के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। योगी सरकार का उद्देश्य केवल रेफरल पर्ची देकर मरीज को दूसरे अस्पताल भेजना नहीं, बल्कि वहां उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के बाद ही स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करना है।

लखनऊ के बड़े अस्पतालों पर कम होगा मरीजों का दबाव

e-SARTHI परियोजना का एक प्रमुख उद्देश्य लखनऊ के बड़े सरकारी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों पर मरीजों का अत्यधिक दबाव कम करना भी है। वर्तमान में आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में मरीज बेहतर उपचार की उम्मीद में राजधानी पहुंचते हैं। इससे प्रमुख अस्पतालों पर मरीजों का भार बढ़ता है और कई बार उपचार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।

नई डिजिटल व्यवस्था के तहत मरीजों को उनकी बीमारी और उपचार की आवश्यकता के अनुसार आसपास के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में भेजा जा सकेगा। इससे एक ओर लखनऊ के बड़े अस्पतालों पर अनावश्यक दबाव कम होगा, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकसित चिकित्सा सुविधाओं का बेहतर उपयोग हो सकेगा।

पहले चरण में 11 चिकित्सा संस्थान होंगे शामिल

e-SARTHI परियोजना का पहला चरण हब-एंड-स्पोक मॉडल पर आधारित होगा। इसके अंतर्गत उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS), सैफई को मुख्य रेफरल हब बनाया गया है। इसके साथ तीन स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों और आठ जिला एवं संयुक्त चिकित्सालयों को जोड़ा जाएगा।

पहले चरण में शामिल प्रमुख चिकित्सा संस्थान हैं:-

  • राजकीय मेडिकल कॉलेज, कन्नौज
  • स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, औरैया
  • स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, फिरोजाबाद
  • जिला महिला चिकित्सालय, इटावा
  • डॉ. भीमराव आंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय, इटावा
  • जिला संयुक्त चिकित्सालय, औरैया
  • संयुक्त चिकित्सालय, छिबरामऊ (कन्नौज)
  • जिला संयुक्त चिकित्सालय, कन्नौज
  • जिला पुरुष चिकित्सालय, मैनपुरी
  • जिला महिला चिकित्सालय, मैनपुरी
  • संयुक्त चिकित्सालय, शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)

दूसरे चरण में विशेष अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। आगे चलकर प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों को भी रेफरल हब के रूप में विकसित करने की योजना है।

24 घंटे सक्रिय रहेगा कमांड सेंटर

इस परियोजना के प्रभावी संचालन के लिए UPUMS सैफई में 24×7 कमांड सेंटर स्थापित किया जाएगा। यह सेंटर मरीजों के रेफरल, बेड की उपलब्धता, अस्पतालों के बीच समन्वय और मरीजों के स्थानांतरण की निगरानी करेगा। यदि किसी अस्पताल में बेड उपलब्ध नहीं होगा तो कमांड सेंटर संबंधित विभागीय अधिकारियों और समन्वयकों से संपर्क कर दूसरे उपयुक्त अस्पताल में व्यवस्था तलाशने में मदद करेगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बेड की उपलब्धता के लिए भी समन्वय किया जाएगा।

इसके अलावा जटिल और आपातकालीन मामलों में संबंधित चिकित्सकों के बीच सीधा संवाद स्थापित कराया जाएगा। मरीज को रेफर किए जाने से लेकर एम्बुलेंस के रवाना होने, रास्ते में उसकी स्थिति और अस्पताल पहुंचने तक की जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज की जाएगी। कमांड सेंटर लंबित रेफरल, देरी और अन्य समस्याओं की निगरानी के साथ दैनिक रिपोर्ट भी तैयार करेगा।

आठ चरणों में पूरी होगी रेफरल प्रक्रिया

e-SARTHI के माध्यम से मरीज को रेफर करने की पूरी प्रक्रिया आठ चरणों में व्यवस्थित की गई है।

  1. मरीज की स्थिति का आकलन: उपचाररत चिकित्सक मरीज की स्थिति देखकर रेफरल की आवश्यकता तय करेंगे।
  2. विशेषज्ञता का निर्धारण: मरीज को किस स्तर के उपचार और किस विशेषज्ञ की आवश्यकता है, यह तय किया जाएगा।
  3. बेड की उपलब्धता की जांच: डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संबंधित अस्पतालों में बेड और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त होगी।
  4. वैकल्पिक अस्पताल की तलाश: बेड उपलब्ध नहीं होने पर कमांड सेंटर दूसरे उपयुक्त संस्थान से समन्वय करेगा।
  5. अस्पताल की सहमति: चयनित अस्पताल को मरीज की चिकित्सकीय जानकारी भेजकर भर्ती की तैयारी की पुष्टि की जाएगी।
  6. एम्बुलेंस की व्यवस्था: मरीज की स्थिति के अनुसार बीएलएस या एएलएस एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी।
  7. सुरक्षित स्थानांतरण: मरीज को निर्धारित अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाया जाएगा।
  8. चिकित्सकीय जानकारी का हस्तांतरण: मरीज के पहुंचने पर दोनों अस्पतालों के चिकित्सकों के बीच उपचार संबंधी जानकारी साझा की जाएगी और पोर्टल पर प्रक्रिया अपडेट होगी।

मरीज की सुरक्षा और उपचार की निरंतरता पर विशेष ध्यान

नई व्यवस्था में मरीज की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। मरीज को चिकित्सकीय रूप से स्थिर किए बिना स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। उपचाररत चिकित्सक उसकी स्थिति और यात्रा की उपयुक्तता का आकलन करेंगे। बेड की उपलब्धता की पुष्टि के बाद ही उपयुक्त एम्बुलेंस की व्यवस्था होगी। मरीज को प्राप्त करने वाले अस्पताल की चिकित्सकीय टीम को पहले से जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि मरीज के पहुंचते ही आवश्यक उपचार शुरू किया जा सके। इस व्यवस्था में उपचार संबंधी सभी चिकित्सकीय निर्णय संबंधित डॉक्टरों के पास ही रहेंगे। डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्देश्य चिकित्सकीय निर्णयों का विकल्प बनना नहीं, बल्कि अस्पतालों के बीच बेहतर संवाद, समन्वय और सूचना का आदान-प्रदान सुनिश्चित करना है।

पायलट प्रोजेक्ट के अनुभवों से तैयार होगा प्रदेशव्यापी मॉडल

महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण, उत्तर प्रदेश डॉ. नेहा शर्मा ने बताया कि e-SARTHI केवल एक डिजिटल पोर्टल नहीं, बल्कि प्रदेश में समन्वित, पारदर्शी और समयबद्ध रेफरल व्यवस्था विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के दौरान सामान्य और आपातकालीन दोनों परिस्थितियों में रेफरल प्रक्रिया का वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण किया जाएगा। प्रत्येक सहभागी चिकित्सा संस्थान में नोडल अधिकारी और वैकल्पिक नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे।

पोर्टल संचालन, रेफरल प्रक्रिया, दस्तावेजीकरण और समन्वय के लिए संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। UPUMS सैफई प्रारंभिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा, जबकि उत्तर प्रदेश तकनीकी सहायता इकाई (UPTSU) तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण मॉड्यूल और पोर्टल संबंधी सहायता प्रदान करेगी। पायलट प्रोजेक्ट के दौरान रेफरल में लगने वाला समय, बेड की उपलब्धता, अस्पतालों की ओर से मरीज को स्वीकार करने की प्रक्रिया, एम्बुलेंस व्यवस्था और सुरक्षित स्थानांतरण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके आधार पर एसओपी, प्रशिक्षण व्यवस्था और डिजिटल प्लेटफॉर्म में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल समन्वय को मिलेगी नई दिशा

योगी सरकार की e-SARTHI पहल से उत्तर प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में अस्पतालों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में नई शुरुआत होगी। इसका उद्देश्य मरीजों को समय पर उपयुक्त उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही सरकारी चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है। यदि पायलट प्रोजेक्ट के परिणाम प्रभावी रहते हैं तो भविष्य में इस मॉडल का प्रदेशव्यापी विस्तार किया जा सकेगा। इससे मरीजों को सही अस्पताल तक पहुंचाने, रेफरल प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button