अलीगढ़ में संदीप सिंह के तिलक उत्सव में पहुंचे CM योगी, दोनों भाइयों को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ को किया याद, बोले- उनका आशीर्वाद सदैव दोनों भाइयों पर बना रहे; समारोह में हल्के-फुल्के अंदाज ने बिखेरी मुस्कान।

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अलीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह के परिवार के मांगलिक समारोह में शामिल हुए। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह के तिलक एवं सगाई उत्सव में पहुंचकर दोनों भाइयों को आशीर्वाद दिया तथा उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री शनिवार शाम करीब 3:45 बजे हापुड़ से हेलीकॉप्टर के जरिए अलीगढ़ पहुंचे। रामघाट रोड स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित समारोह में उन्होंने दोनों भाइयों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी उन्हें आशीर्वाद दें, ताकि उनका जीवन उज्ज्वल हो। बांके बिहारी का आशीर्वाद सदैव उनके साथ बना रहे। साथ ही उनके दादा, हिंदू हृदय सम्राट स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ का आशीर्वाद भी दोनों भाइयों पर सदैव बना रहे। इसी कामना के साथ उन्होंने दोनों को हृदय से बधाई दी।

बाबूजी के परिवार के प्रति लोगों का स्नेह देखकर जताया आभार

समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सोचा था कि शाम तक कार्यक्रम में लोगों की संख्या कम हो जाएगी, लेकिन यहां तो लगातार आगंतुकों और आशीर्वाद देने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। यह स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ के परिवार के प्रति लोगों के स्नेह और अपनत्व का प्रतीक है। उन्होंने समारोह में पहुंचे सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री की हल्की-फुल्की टिप्पणी पर गूंजे ठहाके

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहज और हल्का-फुल्का अंदाज भी देखने को मिला। अपने संबोधन में उन्होंने पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजवीर सिंह राजू का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने अपनी पत्नी के दबाव में आप सभी को यह निमंत्रण दिया है। आप सभी के आने से हम लोगों को भी इस दावत में शामिल होने का अवसर मिल गया। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ ही सामने बैठे लोगों के बीच हंसी के ठहाके गूंज उठे। उन्होंने आगे कहा कि संदीप सिंह सरकार में मंत्री हैं और वह इस आयोजन के लिए उन्हें पहले ही आमंत्रित कर चुके थे।

‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से किया अभिवादन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 4:17 बजे कार्यक्रम स्थल पर बने मंच पर पहुंचे। उन्होंने ‘जय श्रीराम’ और ‘नमो पार्वती पतये, हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ उपस्थित लोगों का अभिवादन किया। करीब छह मिनट तक अपने संबोधन में उन्होंने दोनों भाइयों को आशीर्वाद दिया और उनके मंगलमय भविष्य की कामना की।

कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री संदीप सिंह, पूर्व सांसद राजवीर सिंह, विधायक अनिल पाराशर, राजकुमार सहयोगी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना हो गए।

Related Articles

Back to top button