पत्नी के कमरे में मिला प्रेमी, पति और परिजनों ने पीट-पीटकर मार डाला

कानपुर देहात के गंभीरपुर गांव में पत्नी से मिलने पहुंचे अतुल तिवारी की कथित तौर पर पति और परिजनों ने पिटाई कर हत्या कर दी। पांच लोगों पर मुकदमा, दो गिरफ्तार।

कानपुर देहात। साढ़ थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी से मिलने उसके घर पहुंचे युवक को पति, देवर और ससुर ने पकड़ लिया। इसके बाद आरोप है कि तीनों ने युवक का मुंह बांधकर करीब एक घंटे तक लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल युवक रातभर घर के आंगन में पड़ा रहा। सुबह अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान गंभीरपुर गांव निवासी अतुल उर्फ गोपाल तिवारी (28) के रूप में हुई है। वह पेट्रोल पंप पर काम करने के साथ ऑटो भी चलाता था। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 12:30 बजे पड़ोस के मोहल्ले में रहने वाली विकास अवस्थी की पत्नी सुमन ने फोन करके अतुल को अपने घर बुलाया था।

बताया जा रहा है कि अतुल के कमरे में पहुंचने के दौरान हुई खटपट की आवाज से विकास अवस्थी की नींद खुल गई। उसने दरवाजा खुलवाया तो कमरे में अतुल को देखकर वह गुस्से में आ गया। इसके बाद विकास ने अपने पिता कालिका उर्फ कल्लू और भाई मोहित को बुलाकर अतुल को पकड़ लिया।

आरोप है कि तीनों ने अतुल का मुंह बांध दिया और लाठी-डंडों से करीब एक घंटे तक उसकी पिटाई की। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बावजूद उसे रातभर आंगन में ही लहूलुहान हालत में पड़ा रहने दिया गया। सुबह उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले में सास और बहू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button