PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के सम्मेलन में पी0आर0डी0 कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारम्भ किया।

पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए।

पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों के दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 रु0 से बढ़ाकर 600 रु0 प्रतिदिन करने की घोषणा की।

23 करोड़ रु0 की लागत से निर्मित होने वाले लखनऊ स्थित बहुमंजिला पी0आर0डी0 बैरक का शिलान्यास किया।

प्रांतीय रक्षक दल ‘सेवा, सुरक्षा और समर्पण’ के भाव के साथ प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा

प्रांतीय रक्षक दल केवल व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि प्रदेश में शान्ति, सुरक्षा और जनसेवा का मजबूत आधार, प्रशिक्षण के माध्यम से इनकी क्षमता को लगातार बढ़ाया जाना चाहिए।

31 हजार से अधिक पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों को मुख्यमंत्री पी0आर0डी0 कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ प्राप्त होगा।

यह योजना उन स्वयंसेवकों के प्रति राज्य सरकार की कृतज्ञता का भाव, जो पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रदेश की सेवा कर रहे।

प्रदेश में पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों की मांग विभिन्न विभागों एवं संस्थानों में बढ़ी, इन्हें यातायात व्यवस्था, मेट्रो, एयरपोर्ट, विभिन्न कार्यालयों व औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण दायित्वों में लगाया जा रहा।

अच्छी सरकार का दायित्व केवल नीतियां बनाना नहीं, बल्कि अपने कर्मचारियों, जवानों और स्वयंसेवकों को बेहतर अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध कराना भी।

गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को मजबूत बनाने में पुलिस और प्रशासन के साथ प्रांतीय रक्षक दल के स्वयंसेवक निरन्तर सहयोग की भूमिका निभा रहे हैं। शान्ति एवं सामान्य परिस्थितियों के साथ-साथ बाढ़, सूखा, महाकुम्भ, दीपोत्सव, देव-दीपावली, बरसाना रंगोत्सव, यातायात-व्यवस्था, चुनाव ड्यूटी तथा विभिन्न शासकीय आयोजनों में पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जनपद गोरखपुर में प्रांतीय रक्षक दल (पी0आर0डी0) के जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री पी0आर0डी0 कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारम्भ तथा लखनऊ स्थित ग्राम परवर पश्चिम, सरोजनी नगर में 23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले बहुमंजिला पी0आर0डी0 बैरक के शिलान्यास के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए तथा पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों के दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा भी की।


प्रदेश के 31 हजार से अधिक पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों को मुख्यमंत्री पी0आर0डी0 कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ प्राप्त होगा। इसके अन्तर्गत स्वयंसेवक एवं उनके परिवार के सदस्य सरकारी तथा सरकार द्वारा इम्पैनल्ड निजी अस्पतालों में 05 लाख रुपये प्रतिवर्ष तक के निःशुल्क कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। यह केवल स्वास्थ्य सुविधा नहीं, बल्कि उन स्वयंसेवकों के प्रति राज्य सरकार की कृतज्ञता का भाव है, जिन्होंने पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रदेश की सेवा की है। पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों के दैनिक ड्यूटी भत्ते में उल्लेखनीय वृद्धि की घोषणा करते हुए कहा कि वर्ष 2019 तक स्वयंसेवकों को प्रतिदिन 250 रुपये भत्ता मिलता था, जिसे 2019 में बढ़ाकर 375 रुपये, वर्ष 2022 में 395 रुपये तथा 2025 में 500 रुपये प्रतिदिन किया गया। प्रदेश सरकार अब इस भत्ते को बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने जा रही है। सरकार का प्रयास केवल भत्ता बढ़ाना नहीं, बल्कि पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों की कार्यक्षमता, प्रशिक्षण, सम्मान और सुविधाओं को लगातार बढ़ाना है। आज प्रदेश में पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों की मांग विभिन्न विभागों एवं संस्थानों में बढ़ी है। उन्हें यातायात व्यवस्था, मेट्रो एवं एयरपोर्ट की सुरक्षा, विभिन्न कार्यालयों एवं औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण दायित्वों में लगाया जा रहा है। प्रदेश में पी0आर0डी0 के लिए बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों की संख्या में भी व्यापक विस्तार हुआ है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार का दायित्व केवल नीतियां बनाना नहीं, बल्कि अपने कर्मचारियों, जवानों और स्वयंसेवकों को बेहतर अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। प्रदेश में पुलिस एवं होमगार्ड के लिए अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ अब पी0आर0डी0 के लिए भी आधुनिक बैरक का निर्माण किया जा रहा है। यह परिवर्तन इस बात का प्रमाण है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक स्तर तक पहुंच रहा है। पी0आर0डी0 के आधुनिकीकरण के अन्तर्गत 821 ग्रामीण कम्पनियों के साथ पहली बार 11 शहरी कम्पनियों का विस्तार, 45 दिवसीय प्रशिक्षण एवं 15 दिवसीय पुनर्प्रशिक्षण, डिजिटल पोर्टल तथा आपदा प्रबन्धन से जुड़े प्रशिक्षण जैसे कदम उठाए गए हैं। गणतंत्र दिवस परेड में पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों की सहभागिता ने प्रदेश को गौरवान्वित किया है। महाकुम्भ-2025 जैसे विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक एवं मानव समागम में भी पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। विभिन्न धार्मिक आयोजनों, शासकीय एवं अर्द्धशासकीय संस्थानों तथा आपदा की परिस्थितियों में भी पी0आर0डी0 की भूमिका निरन्तर महत्वपूर्ण बनी हुई है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रांतीय रक्षक दल केवल व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि प्रदेश में शान्ति, सुरक्षा और जनसेवा का मजबूत आधार है। इसका उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, कर्तव्य और सेवा की भावना विकसित करना भी है। पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों को अपनी कार्यपद्धति के माध्यम से अपनी पहचान बनानी होगी। प्रशिक्षण के माध्यम से इनकी क्षमता को लगातार बढ़ाया जाना चाहिए। कोई भी व्यक्ति कार्य को जन्म से सीखकर नहीं आता, प्रशिक्षण के माध्यम से उसकी कार्यक्षमता विकसित होती है। इसलिए पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों को समयबद्ध एवं आधुनिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना आवश्यक है। वर्ष 2017 से पूर्व, उत्तर प्रदेश की पहचान दंगे, अव्यवस्था, कर्फ्यू, अपराध और माफिया से होती थी। बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। आम नागरिक भय के वातावरण में रहता था। बिजली, सड़क और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण थी। आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। सड़क और बिजली की व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। माफिया और दंगाइयों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हुई है। उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की पहचान से बाहर निकलकर देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है।


विगत 09 वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था तथा प्रतिव्यक्ति आय में 03 गुना वृद्धि हुई है। प्रदेश सरकार का वार्षिक बजट भी कई गुना बढ़ा है। विकास का अर्थ केवल आर्थिक आंकड़े नहीं, बल्कि गरीब, किसान, महिला, नौजवान और समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। मुख्यमंत्री जी ने पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे शासन के निर्देशों का पूरी ईमानदारी, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ पालन करें। भारत के प्रत्येक नागरिक का ध्येय देश प्रथम होना चाहिए। भारत की एकता और अखण्डता को कोई खण्डित न कर सके, देश की सुरक्षा में कोई सेंध न लगा सके और जाति, क्षेत्र, भाषा अथवा किसी अन्य आधार पर समाज को बांटने के प्रयासों के प्रति सभी को सतर्क रहना होगा। पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों को जो भी दायित्व सौंपा जाए, उसे पूरी निष्ठा से पूरा करना चाहिए। इससे पी0आर0डी0 की प्रतिष्ठा और मजबूत होगी तथा प्रदेश की प्रगति में स्वयंसेवकों की भूमिका और प्रभावी बनेगी।


प्रांतीय रक्षक दल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सोमेन्द्र तोमर ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रांतीय रक्षक दल को निरन्तर सशक्त और आधुनिक बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री जी ने पी0आर0डी0 स्वयंसेवकों को परिवार के सदस्य की तरह सम्मान देते हुए उनके हित में बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की है। प्रशिक्षण, ड्यूटी, अवस्थापना और कल्याणकारी सुविधाओं का विस्तार किया है। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ0 धर्मेन्द्र सिंह, विधायक बिपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, महेन्द्र पाल सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ला एवं श्रवण कुमार निषाद तथा प्रांतीय रक्षक दल के महानिदेशक सुहास एल0वाई0 सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button