आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनीं महिला दुग्ध उत्पादक कंपनियां:केशव प्रसाद मौर्य

ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनीं महिला दुग्ध उत्पादक कंपनियां। 4.12 लाख महिलाएं दुग्ध व्यवसाय से जुड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को दे रहीं नई मजबूती।

वागीश यादव

लखनऊ। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें उद्यमिता से जोड़ने में महिला नेतृत्व वाली दुग्ध उत्पादक कंपनियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उत्तर प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब दुग्ध उत्पादन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संगठित रूप से संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की गतिविधियों में भी भागीदारी कर रही हैं। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिल रही है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महिला नेतृत्व वाला यह दुग्ध मॉडल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के विविध साधनों से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेश में संचालित पांच महिला मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियां ग्रामीण दुग्ध अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय बदलाव ला रही हैं। वर्तमान में इन कंपनियों से लगभग 4.12 लाख महिला दुग्ध उत्पादक जुड़ी हुई हैं। इनका विस्तार प्रदेश के 31 जनपदों के 7,298 गांवों तक हो चुका है। इन कंपनियों ने स्थापना से अब तक लगभग 5,839 करोड़ रुपये का कारोबार किया है और लगभग 132 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। इनसे जुड़ी 72,669 से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

प्रदेश में महिला नेतृत्व वाली पांच मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियों के माध्यम से महिलाओं को संगठित बाजार, दूध का पारदर्शी मूल्य निर्धारण और नियमित आय का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, काशी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, सामर्थ्य मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड तथा सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड शामिल हैं।

बुंदेलखंड क्षेत्र में कार्यरत बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड प्रदेश की प्रमुख महिला दुग्ध उत्पादक कंपनियों में शामिल है। यह 7 जनपदों के 1,445 गांवों में अपनी गतिविधियां संचालित कर रही है। इससे 96,320 महिला सदस्य जुड़ी हैं। कंपनी ने स्थापना से अब तक लगभग 2,295 करोड़ रुपये का कारोबार और 58.75 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। इससे जुड़ी 26,189 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

पूर्वांचल क्षेत्र में काशी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड 7 जनपदों के 1,198 गांवों में कार्यरत है। इसके साथ 56,280 महिला सदस्य जुड़ी हैं। कंपनी ने अब तक लगभग 855 करोड़ रुपये का कारोबार तथा 16 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। इससे जुड़ी 13,219 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ के रूप में स्थापित हुई हैं।

मध्य क्षेत्र में सामर्थ्य मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड 7 जनपदों के 1,560 गांवों में अपनी गतिविधियां संचालित कर रही है। कंपनी से लगभग 1.12 लाख महिला सदस्य जुड़ी हैं। इसने स्थापना से अब तक लगभग 1,841 करोड़ रुपये का कारोबार और 45 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। कंपनी से जुड़ी लगभग 18,000 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

गोरखपुर क्षेत्र में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड 4 जनपदों के 1,170 गांवों में कार्यरत है। इससे 74,350 महिला सदस्य जुड़ी हैं। कंपनी ने अब तक लगभग 370.07 करोड़ रुपये का कारोबार तथा 4.46 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। इसके माध्यम से 6,269 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनी हैं।

इसी प्रकार तराई क्षेत्र में सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड 6 जनपदों के 1,925 गांवों में संचालित है। इससे 72,670 महिला सदस्य जुड़ी हैं। कंपनी ने स्थापना से अब तक लगभग 477.89 करोड़ रुपये का कारोबार और 8.16 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। इससे जुड़ी 8,992 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

इन कंपनियों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और नियमित भुगतान को विशेष महत्व दिया गया है। दूध की गुणवत्ता के अनुसार फैट एवं एसएनएफ आधारित मूल्य निर्धारण किया जाता है। दूध का भुगतान सीधे महिला उत्पादकों के बैंक खातों में किया जाता है। इसके लिए प्रत्येक माह की 3, 13 एवं 23 तारीख को भुगतान की व्यवस्था निर्धारित की गई है। इससे महिलाओं को उनकी उपज का उचित मूल्य और नियमित आमदनी सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।

दुग्ध व्यवसाय की मूल्य श्रृंखला में भी महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। बलिनी एवं सामर्थ्य मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियां दूध की खरीद के साथ घी और पनीर जैसे उत्पादों का प्रसंस्करण भी कर रही हैं। वहीं काशी, श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एवं सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियां दूध का संग्रहण कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत मदर डेयरी को उपलब्ध करा रही हैं। इस व्यवस्था से दूध उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण और विपणन तक महिलाओं की भूमिका मजबूत हो रही है।

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को केवल आजीविका के साधन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक गतिविधियों का नेतृत्व करने वाली उद्यमी के रूप में स्थापित करना भी है। महिला दुग्ध उत्पादक कंपनियों का विस्तार इसी दिशा में एक प्रभावी कदम है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सामूहिक शक्ति, संगठित बाजार व्यवस्था और नियमित आय ने ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की नई संभावनाएं पैदा की हैं। यह मॉडल महिला सशक्तिकरण के साथ ग्रामीण विकास और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Back to top button