छठ पर यूपी के स्वच्छ घाटों की देशभर में गूंज

छठ पर यूपी के स्वच्छ घाटों की देशभर में गूंज, UPCitiesKaSwachhChhath बना नंबर-1 ट्रेंड।ए.के. शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में स्वच्छ, सुंदर और दिव्य छठ महापर्व का आयोजन; नगर कर्मियों की मेहनत को मिली देशभर में सराहना। प्रदेश के 101 छठ घाटों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 120.34 करोड़ रुपये स्वीकृत/आवंटित।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में छठ महापर्व के अवसर पर नगर विकास विभाग द्वारा घाटों की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए गए व्यापक इंतजामों की देशभर में सराहना हो रही है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में स्वच्छ, सुंदर और दिव्य वातावरण में छठ महापर्व संपन्न हुआ। इस आयोजन की सफलता का असर सोशल मीडिया पर भी देखने को मिला, जहां #UPCitiesKaSwachhChhath देश का नंबर-1 ट्रेंड बन गया।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि नगर कर्मियों, सफाई मित्रों और नगरीय निकायों की पूरी टीम के अथक परिश्रम, पुरुषार्थ और समर्पण से छठ महापर्व स्वच्छ एवं दिव्य वातावरण में संपन्न हुआ है। सभी की मेहनत रंग लाई और उत्तर प्रदेश के स्वच्छ छठ की गूंज देशभर में सुनाई दे रही है। यह उपलब्धि प्रदेश के सफाई मित्रों और नगर कर्मियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

लक्ष्मण मेला घाट पर मंत्री ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया

छठ महापर्व के पावन अवसर पर नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा लखनऊ के लक्ष्मण मेला घाट पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और घाट पर स्वच्छता, प्रकाश, सुरक्षा, पेयजल सहित अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और अटूट लोक आस्था का प्रतीक है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

लगातार निरीक्षण से घाटों पर किए गए बेहतर इंतजाम

ए.के. शर्मा ने बताया कि छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर वह पिछले कई दिनों से लगातार घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ लक्ष्मण मेला घाट, झूलेलाल घाट, मेहंदी घाट सहित विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी।

इस दौरान अधिकारियों को घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए थे। निरंतर निगरानी और नगर निगम की टीम के समर्पित प्रयासों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

101 छठ घाटों के विकास के लिए 120.34 करोड़ रुपये का प्रावधान

नगर विकास विभाग द्वारा प्रदेशभर में छठ घाटों के निर्माण, विकास और सौंदर्यीकरण के लिए बड़े स्तर पर कार्य कराए जा रहे हैं। मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि अब तक प्रदेश के कुल 101 छठ घाटों के विकास के लिए 120.34 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत एवं आवंटित की गई है।

वित्तीय वर्ष के अनुसार धनराशि का विवरण इस प्रकार है:-

  • वित्तीय वर्ष 2024-25: 33 घाटों के लिए 66.512 करोड़ रुपये।
  • वित्तीय वर्ष 2025-26: 26 घाटों के लिए 29.318 करोड़ रुपये।
  • वित्तीय वर्ष 2026-27: 42 घाटों के लिए 24.510 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत का प्रावधान।

इन परियोजनाओं का उद्देश्य छठ घाटों को स्थायी रूप से विकसित करना और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार कर रहा उत्तर प्रदेश

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। छठ महापर्व पर घाटों की स्वच्छता, सुंदरता और भव्यता इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों और नगर कर्मियों ने दिन-रात मेहनत करके घाटों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाया। उनकी मेहनत ने श्रद्धालुओं का मन जीतने के साथ सोशल मीडिया पर भी उत्तर प्रदेश की सकारात्मक पहचान स्थापित की है।

मंत्री ने छठ महापर्व को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में योगदान देने वाले सभी सफाई मित्रों, नगर कर्मियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी कार्यसंस्कृति और नागरिक जिम्मेदारी का अभिन्न हिस्सा बननी चाहिए।उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक संकल्प, जनसहभागिता और समर्पित प्रयासों से उत्तर प्रदेश के सभी नगरों को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button