शिमला मिर्च के उत्पादन में UP देश में प्रथम:उप मुख्यमंत्री

शिमला मिर्च के उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर। 19.63 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ उत्तर प्रदेश ने हासिल की अग्रणी स्थिति। शिमला मिर्च के प्रसंस्करण को बढ़ावा देने से किसानों, व्यापारियों एवं आपूर्तिकर्ताओं को मिलेगा बेहतर आर्थिक लाभ।

लखनऊ। शिमला मिर्च के उत्पादन में उत्तर प्रदेश का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना प्रदेश के किसानों की मेहनत और बागवानी क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं का प्रमाण है। शिमला मिर्च के प्रसंस्करण को बढ़ावा देने से किसानों, व्यापारियों एवं आपूर्तिकर्ताओं को बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। प्रसंस्करण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, भंडारण एवं विपणन सुविधाओं के विस्तार से शिमला मिर्च के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ही व्यापारियों एवं आपूर्तिकर्ताओं के लिए भी नए व्यावसायिक अवसर सृजित होंगे तथा प्रदेश में कृषि आधारित उद्यमों को नई गति मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला मिर्च जैसी उच्च मूल्य वाली सब्जियों की वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीकों से खेती को प्रोत्साहित करने के साथ ही फसलोपरांत प्रबंधन और प्रसंस्करण की सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। इससे उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने, बाजार तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने और किसानों की आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी। प्रदेश सरकार किसानों को कृषि आधारित उद्यमों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग श्री बी.एल. मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (NHB) से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शिमला मिर्च के उत्पादन में उत्तर प्रदेश ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। देश के कुल शिमला मिर्च उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 19.63 प्रतिशत है। पश्चिम बंगाल 18.81 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे तथा हरियाणा 9.28 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। यह उपलब्धि प्रदेश में बागवानी एवं सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की अग्रणी स्थिति को रेखांकित करती है।

उन्होंने बताया कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश 7.75 प्रतिशत, झारखंड 7.24 प्रतिशत, कर्नाटक 7.07 प्रतिशत, हिमाचल प्रदेश 6.74 प्रतिशत, जम्मू एवं कश्मीर 6.39 प्रतिशत, महाराष्ट्र 5.69 प्रतिशत तथा आंध्र प्रदेश 3.49 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ देश के प्रमुख शिमला मिर्च उत्पादक राज्यों में शामिल हैं। शिमला मिर्च पोषण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण सब्जी है। इसमें विभिन्न विटामिन एवं खनिज तत्त्व पाए जाते हैं। इसके उत्पादन एवं प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करने से किसानों की आय में वृद्धि, कृषि आधारित उद्यमों के विकास, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार तथा प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button