अयोध्या के सरैठा गांव से निकली भव्य राम बारात

अयोध्या के सरैठा गांव में निकली भव्य राम बारात, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पूरा वातावरण। बाबा खाकीदास की कुटी पर हुई राम-लक्ष्मण-भरत-शत्रुघ्न की भव्य आरती।

अंकुर श्रीवास्तव

पटरंगा / अयोध्या। जनपद के रुदौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सरैठा में आयोजित धार्मिक लोकनाट्य आदर्श श्री रामलीला के पंचम दिवस पर भगवान श्रीराम के विवाह प्रसंग के उपलक्ष्य में भव्य राम बारात निकाली गई। राम बारात में उमड़े श्रद्धालुओं के जनसैलाब से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। चारों ओर जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। राम बारात गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक धार्मिक धुनों के साथ निकाली गई। इसमें हजारों की संख्या में ग्रामीणों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। डीजे पर बज रही रामधुन और भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए। जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा पुष्पवर्षा कर राम बारात का भव्य स्वागत किया गया। भगवान श्रीराम की बारात के दर्शन के लिए सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।

READ ALSO :दुग्ध कारोबार में महिलाओं की धाक : 76 हजार से अधिक लखपति दीदी


शोभायात्रा के दौरान बाबा खाकीदास की पावन कुटी पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत एवं शत्रुघ्न की भव्य आरती उतारी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और आरती में शामिल होकर भगवान के दर्शन किए। पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों एवं भक्ति भाव से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। राम बारात एवं शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकी इंचार्ज अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ कार्यक्रम के समापन तक मुस्तैद रहे। उन्होंने पूरी शोभायात्रा के दौरान अपनी उपस्थिति बनाए रखी और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न कराने में विशेष सहयोग प्रदान किया। पुलिस टीम की सक्रियता एवं सहयोग की लोगों ने सराहना की।


इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा एवं स्वागत के लिए भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। राम विवाह की भव्य बारात ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि गांव में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का भी संदेश दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रामलीला समिति के संचालक दीपक सिंह, अध्यक्ष माताफेर शुक्ला एवं कोषाध्यक्ष अजीत सिंह सहित समिति के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों और ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button