गोमती उत्सव-2026: लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत, कला और साहित्य का भव्य संगम, विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों को मिला ‘गोमती गौरव सम्मान’। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ, बोले- सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम। न्याय, शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य और पत्रकारिता की विभूतियों को मिला गोमती गौरव सम्मान।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला, साहित्य, संगीत और सामाजिक परंपराओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय ‘गोमती उत्सव-2026’ का शुक्रवार को गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में भव्य शुभारंभ हुआ। गोमती उत्सव समिति की ओर से आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साहित्यकार, शिक्षाविद्, कलाकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गोमती उत्सव लखनऊ की गौरवशाली सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा देने वाली सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही स्थापित कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला एवं हुनर प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह महोत्सव और अधिक भव्य एवं दिव्य स्वरूप ग्रहण करेगा तथा इसमें लखनऊ के साथ प्रदेश के अन्य जनपदों की भी व्यापक सहभागिता होगी।
75 जनपदों में स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में स्थानीय संस्कृति, कला, साहित्य और परंपराओं से जुड़े आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाए। जिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन पहले होता था और किसी कारणवश बंद हो गया था, उन्हें दोबारा शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि सांस्कृतिक आयोजन राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करते हैं। विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत करने से देश की विविधता और एकता को नई मजबूती मिलती है।

न्याय, शिक्षा, चिकित्सा और पत्रकारिता की विभूतियों को मिला गोमती गौरव सम्मान
गोमती उत्सव-2026 के शुभारंभ समारोह का प्रमुख आकर्षण विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को ‘गोमती गौरव सम्मान’ से सम्मानित करना रहा। न्याय, प्रशासन, शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाने वाले व्यक्तित्वों को सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वाली प्रमुख विभूतियों में पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडेय एवं न्यायमूर्ति सुधीर सक्सेना, पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी, पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति सर्वनारायण झा, पीजीआई के निदेशक डॉ. आर.के. धीमन, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, वरिष्ठ शिक्षाविद् एस.के.डी. सिंह, डॉ. विनोद मिश्रा, सीएमएस प्रबंधक गीता गांधी, वरिष्ठ कवयित्री डॉ. सुमन दुबे, बाल कलाकार आर्यमन, दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी अंबिका प्रसाद वाजपेयी, वरिष्ठ पत्रकार योगेश मिश्रा तथा गोमती सफाई अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रणजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सम्मानित सभी विभूतियों को बधाई देते हुए कहा कि इन व्यक्तित्वों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
भक्ति संगीत से बॉलीवुड गीतों तक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
महोत्सव के उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत ईशा एवं मीशा रतन द्वारा प्रस्तुत भजन ‘श्री रामचंद्र कृपालु भजमन’ से हुई। इसके बाद बॉलीवुड गायक रवि त्रिपाठी ने अपनी सुरीली आवाज में लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकार गीतांजलि ने अपनी प्रस्तुति से कला एवं रचनात्मकता के विविध रंग बिखेरे, जबकि गायक कुलदीप ने सदाबहार गीत ‘लिखे जो खत तुम्हें’ प्रस्तुत कर संगीत प्रेमियों की खूब सराहना बटोरी। पूरे परिसर में उत्सव, संगीत और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।
तीन दिनों तक दिखेंगे कला, साहित्य और वैदिक संस्कृति के विविध रंग
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि तीन दिवसीय गोमती उत्सव में वैदिक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों, साहित्यिक गतिविधियों, संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपराओं के अनेक रंग देखने को मिलेंगे। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से ऐसे रचनात्मक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर सहयोग मिलता रहेगा।
इस अवसर पर आयोजन समिति के संरक्षक राजीव मिश्रा, लोकप्रिय पार्षद रामकृष्ण यादव, पवन सिंह चौहान, सर्वेश अस्थाना, समीर शेख, मुकेश बहादुर सिंह, डॉ. सुमन दुबे, विनोद मिश्र, डॉ. सुधांशु मोहन, दीपक तिवारी, अभय सिंह एवं अमित त्रिपाठी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
लखनऊ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने की पहल
गोमती उत्सव समिति का उद्देश्य लखनऊ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, कला, साहित्य, संगीत और सामाजिक परंपराओं को संरक्षित करने के साथ स्थापित कलाकारों एवं नई प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। तीन दिवसीय यह महोत्सव न केवल लखनऊ की तहजीब और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने का प्रयास है, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं, साहित्य और कला से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।



