यूपी में 19 नवंबर से भाजपा का ‘मतदाता जोड़ो अभियान’, CM योगी ने कार्यकर्ताओं को दिए बूथ स्तर पर जुटने के निर्देश।यूपी में भाजपा 19 नवंबर से मतदाता जोड़ो अभियान शुरू करेगी। CM योगी ने महिला, युवा और प्रवासी मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा मतदाता सूची की विसंगतियां दूर करने के निर्देश दिए।
राजू यादव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची को मजबूत और दुरुस्त करने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा के ‘मतदाता जोड़ो अभियान’ के तहत आयोजित विशेष संगठनात्मक कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को 19 नवंबर से बूथ स्तर पर अभियान युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रत्येक पात्र वयस्क नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना उसका संवैधानिक अधिकार है। वहीं, अपात्र व्यक्तियों और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों को नियमानुसार हटवाना लोकतंत्र को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण केवल चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का संवैधानिक दायित्व है।
पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ें, अपात्र प्रविष्टियों की करें पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्हें मतदाता सूची में मौजूद विसंगतियों की पहचान कर नियमानुसार सुधार कराने के लिए भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इसके लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की सही जानकारी प्रत्येक कार्यकर्ता को होनी चाहिए। फॉर्म-6 के माध्यम से नया नाम जुड़वाया जाता है, फॉर्म-7 से नाम हटाने और फॉर्म-8 से स्थानांतरण अथवा संशोधन का आवेदन किया जाता है। यह चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रत्येक कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे और सूची में किसी प्रकार की विसंगति न हो।
READ ALSO : प्रेम करना भी एक कला है..!
महिला और युवा मतदाताओं पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विवाह के बाद मायके से ससुराल जाने वाली कई महिलाओं के नाम दोनों स्थानों की मतदाता सूचियों में दर्ज नहीं हो पाते। ऐसे मामलों की पहचान कर पात्र महिलाओं का नाम नियमानुसार मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने की तैयारी अभी से शुरू करने के निर्देश दिए। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, छात्रावासों और कोचिंग सेंटरों में युवा मतदाता जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

प्रवासी श्रमिकों और कामगारों के नाम भी जुड़वाने के निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बड़ी संख्या में लोग नोएडा, दिल्ली और दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए रहते हैं। ऐसे सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ता दूसरे राज्यों और जनपदों में काम कर रहे प्रवासी श्रमिकों, कर्मचारियों और कामगारों से संपर्क स्थापित करें। जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, उनके परिजनों की मदद से नियमानुसार पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने दोहरे पंजीकरण और संभावित फर्जी प्रविष्टियों की पहचान करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही आवेदन किए जाएं। फॉर्म संबंधित मतदाता की सहमति और हस्ताक्षर के साथ व्यक्तिगत रूप से भरे जाएं। कार्यकर्ता बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करें।
पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूची का अंतर समझाएं
मुख्यमंत्री ने पंचायत और विधानसभा चुनावों की मतदाता सूचियों को लेकर फैले भ्रम पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं स्थानीय निकाय के चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची के आधार पर होते हैं, जबकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची के अनुसार कराए जाते हैं। पार्टी कार्यकर्ता इस अंतर की सही जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाएं। उन्होंने विपक्ष पर मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर भ्रम और प्रोपेगेंडा फैलाने का आरोप लगाया। साथ ही पश्चिम बंगाल में एसआईआर के बाद मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण आवश्यक है।
2027 में भाजपा की हैट्रिक का जताया भरोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को हैट्रिक लगाने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर प्रशिक्षण, व्हाट्सएप ग्रुप और नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने कमल साथी ऐप के माध्यम से उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर फॉर्म-6, 7 और 8 की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए। युवा मोर्चा और विद्यार्थी परिषद को युवाओं से संपर्क करने तथा महिला मोर्चा को महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
पंकज चौधरी बोले- मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला
कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत दर्शाए गए मतदाताओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने तथा पात्र नागरिकों के आवेदन ऑनलाइन अथवा बीएलओ के माध्यम से जमा कराने का आह्वान किया।
पंकज चौधरी ने कहा कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का पंजीकरण प्राथमिकता से कराया जाए। प्रत्येक बूथ पर महिला वोटर प्रमुख नियुक्त कर पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के प्रयास किए जाएं। अब कागजी चर्चा से आगे बढ़कर जमीन पर परिणाम देने का समय है। बूथ की मजबूती और कार्यकर्ताओं के समर्पण से उत्तर प्रदेश में भाजपा के विजय रथ को अजेय बनाना है।
केशव प्रसाद मौर्य ने जनप्रतिनिधियों से अभियान में जुटने का किया आह्वान
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान में पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर, ब्लॉक प्रमुख, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधियों को पूरी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ जुटना होगा। कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें और पुनरीक्षण प्रक्रिया के प्रति लोगों को जागरूक करें। प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का सूक्ष्मता से परीक्षण किया जाए तथा पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने, त्रुटियों में सुधार कराने और नियमानुसार अपात्र प्रविष्टियों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
कार्यशाला में प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, भाजपा मुख्यालय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ल सहित प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। भाजपा ने इस अभियान के जरिए बूथ स्तर पर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनाव से पहले मतदाता सूची के पुनरीक्षण में अपनी भूमिका मजबूत करने का लक्ष्य रखा है।



