Wednesday, April 29, 2026
Advertisement
Home लाइफ स्टाइल आदित्य और आयुषी बने क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा

आदित्य और आयुषी बने क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा

219
आदित्य और आयुषी बने क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा
आदित्य और आयुषी बने क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा
राकेश यादव
राकेश यादव

आशियाना के लिए गर्व का पल तब आया जब वरिष्ठ अधिवक्ता सूर्यप्रकाश उपाध्याय के बेटे आदित्य और बेटी आयुषी ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि यदि सही दिशा में मेहनत और समर्पण किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है। आदित्य और आयुषी की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

लखनऊ। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में आशियाना के वरिष्ठ अधिवक्ता सूर्य प्रकाश उपाध्याय के बेटे आदित्य हृदय उपाध्याय और बेटी आयुषी उपाध्याय ने सफलता प्राप्त करके आशियाना का ही नहीं प्रदेश का भी नाम रोशन किया है। आदित्य को 154वीं रैंक और बेटी आयुषी को 361वीं रैंक मिली है। आदित्य को आईपीएस और बेटी आयुषी को आईआरएस मिला है। इन दोनों सफल युवाओं का कहना है लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत से पढ़ने पर सफलता हासिल होती है। एक परिवार से सफल हुए बेटा बेटी ने इस सफलता का श्रेय माता पिता के साथ शिक्षकों को दिया है।

आशियाना के सेक्टर जे रेलनगर निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता सूर्य प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि बेटे आदित्य हृदय उपाध्याय ने आईआईटी रुड़की से 2021 में पास आउट होने के बाद पहले प्रयास में वह सफल नहीं हो पाए थे। दूसरे प्रयास में उन्हें 416वीं रैंक तीसरे प्रयास में 293वीं रैंक और चौथे प्रयास में 154वीं रैंक मिली है। इनका पसंदीदा विषय गणित रहा है। इन्होंने प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ पब्लिक स्कूल से प्राप्त की है।

इसी प्रकार बेटी आयुषी उपाध्याय ने दिल्ली के नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से बी ए, एलएलबी करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी प्रारंभ की थी। पहले प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंचने के बाद भी वह सफल नहीं हो पाई थी। उन्होंने असफल होने के बाद भी हिम्मत नहीं हारी और प्रयास में लगी रही। वर्ष 2025 में हुई सिविल सेवा परीक्षा के दूसरे प्रयास में उन्हें 361वीं रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता के बेटे आदित्य और बेटी आयुषी का कहना है कि सही दिशा में मेहनत करने से सफलता हासिल की जा सकती है। इन्होंने बताया कि रैंक सुधारने के लिए उनका प्रयास अभी भी जारी रहेगा।