
भारतीय राजनेता और समाज सुधारक थे कांशीराम। सपा के जिला कार्यालयों पर मनाई गई कांशीराम की जयंती। बहुजन आंदोलन के महान नेता और बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम को याद करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें भारतीय राजनीति का एक बड़ा समाज सुधारक बताया। अखिलेश यादव ने कहा कि कांशीराम ने दलित, पिछड़े और वंचित समाज को राजनीतिक चेतना दी और उन्हें सत्ता में भागीदारी का रास्ता दिखाया। उनका संघर्ष और विचार आज भी सामाजिक न्याय की लड़ाई को प्रेरणा देते हैं।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आज मान्यवर कांशीराम की 92वीं जयंती समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थित पार्टी कार्यालयों में सादगी से मनाई गई। पार्टी मुख्यालय में मान्यवर कांशीराम के चित्र पर पूर्व नेता विरोधी दल विधानसभा राम गोविन्द चौधरी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी सहित सभी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।
अखिलेश यादव ने कहा कि मान्यवर कांशीराम सामाजिक न्याय के महानायक थे, जिन्होंने दलित, पिछड़े और वंचित समाज को राजनीतिक पहचान दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि कांशीराम ने बहुजन समाज को संगठित कर उन्हें सत्ता में भागीदारी का रास्ता दिखाया और सामाजिक समानता की लड़ाई को नई दिशा दी। उनके विचार और संघर्ष आज भी देश की राजनीति में सामाजिक न्याय की प्रेरणा देते हैं और आने वाली पीढ़ियों को अधिकारों के प्रति जागरूक करते रहेंगे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का मानना है कि मान्यवर कांशीराम भारतीय राजनेता और समाज सुधारक थे। उन्होंने भारतीय समाज में बहुजनों को सम्मानजनक स्थान दिलाया। उन्होंने 1971 में बामसेफ और 1984 में बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की। दलित भाइयों में आत्मसम्मान की भावना भरने में उन्होंने अथक प्रयास किए। राजनीति में उन्हें सम्मानजनक स्थान दिलाया। सरकारी नौकरियों में कार्यरत और दलित समाज के सम्पन्न तबके को जोड़कर उन्होंने बहुजन समाज की मदद का रास्ता निकाला।






















