राजेन्द्र चौधरी
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आज आईटीआई अनुदेशक भर्ती के अभ्यर्थियों ने ज्ञापन देकर सन् 2014, 2015, 2016 की लंबित भर्तियों को शीघ्रता से पूर्ण कराने का अनुरोध किया। अखिलेश यादव ने उनकी मांगों को सहानुभूति पूर्वक सुना और कहा कि सरकार बदलें, उनकी जायज मांगों को पूरा किया जाएगा।
प्रयागराज की पूजा मिश्रा के साथ आए अन्य अभ्यर्थियों श्रीमती पूनम गाजीपुर, पारूल अम्बेडकरनगर और सर्वश्री नरेन्द्र गाजीपुर, धनंजय सिंह सूर्या, संदीप यादव, शिवम अम्बेडकरनगर, जयगोपाल मिर्जापुर, शोभित कानपुर, राम सिंह लखनऊ एवं प्रखर यादव प्रयागराज ने श्री अखिलेश यादव को ज्ञापन सौंपा जिसमें कहा गया कि वर्ष 2012 से 2017 के दौरान लगातार तीन वर्षों तक उ0प्र आईटीआई अनुदेशक भर्ती का स्वर्णिम काल था। प्रदेश में आईटीआई अनुदेशकों के पदों पर स्थायी अनुदेशकों की कमी है।
वर्तमान सरकार इन रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती की जगह आउटसोर्सिंग भर्ती से काम चला रही है। अनुदेशकों की भारी कमी के चलते जिस ट्रेड में शिक्षक नियुक्त हैं, उन्हें दूसरे ट्रेड के विद्यार्थियों को भी पढ़ाना पड़ता है। पारूल यादव ने अनुदेशकों की समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए मांग की है कि 2014 से 2016 की लंबित आईटीआई अनुदेशक भर्ती शीघ्र पूरी हो, यह भर्ती स्थायी तौर पर हो, सीआईटीएस प्रशिक्षित बेरोजगार युवकों को इससे स्थायी रोजगार मिल सकेगा।



