उत्तम क्षमा धर्म के साथ शुरू हुआ जैन धर्म का महापर्व दशलक्षण

अजय सिंह

लखनऊ। जैन धर्म के पर्वाधिराज दशलक्षण महापर्व का शुभारंभ बुधवार को उत्तम क्षमा धर्म के साथ हुआ। इंदिरा नगर स्थित जैन मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रथम अभिषेक का सौभाग्य पुष्पेंद्र जैन को प्राप्त हुआ, जबकि विश्व शांति की कामना से शांतिधारा करने का सौभाग्य रोहित जैन को मिला।

महामंत्री अभिषेक जैन ने बताया कि दशलक्षण विधान का भी शुभारंभ किया गया। मंडल जी पर मुख्य कलश स्थापना सुनीता जैन पत्नी प्रदीप जैन ने की। सागर, मध्य प्रदेश से पधारे राजेश शास्त्री के निर्देशन एवं परम पूज्य आचार्य 108 सुबल सागर महाराज के आशीर्वाद से समस्त पूजन क्रियाएं संपन्न हुईं। गायिका शिक्षा जैन ने अपनी सुर लहरी से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

केसरिया-केसरिया आज हमारो रंग केसरिया भजन पर भक्तों ने भक्ति में लीन होकर नृत्य किया। महामंत्री अभिषेक जैन ने बताया कि 10 दिवसीय महापर्व में कई भक्त 10 दिनों तक उपवास कर कर्मों की निर्जरा और आत्मसाधना करेंगे। इस अवसर पर सुदीप जैन, अनुरोध जैन, अरविंद जैन, आयुष, ऋषभ, भरत, संचित, ऊषा सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button