आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है यूपी की 25 करोड़ जनता। प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुआ आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम। प्रदेश भर में महत्वपूर्ण स्थलों और लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में प्रज्वलित हुए आशीर्वाद के दीये। मुख्यमंत्री बोले- पिछले 12 वर्षों में देश ने बनाई नई पहचान, दुनिया को हो रहा नए भारत का दर्शन। मुख्यमंत्री ने कहा- नई आधारभूत संरचना, आधुनिक तकनीक में नेतृत्व और तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था के रूप में जाना जा रहा भारत। भगवान विश्वकर्मा को बताया सृष्टि का शिल्पी, बोले- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए भारत के शिल्पी। वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान के तहत काशी से वडनगर के लिए बाइक यात्रा का फ्लैग ऑफ, गुब्बारे छोड़कर रवाना किए गए बाइक सवार।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना के साथ उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता खड़ी है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर प्रदेश भर में अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थलों और विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद के दीये प्रज्वलित हो रहे हैं। उन्होंने इसे राष्ट्र यज्ञ बताते हुए इससे जुड़े कर्मयोगी कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों और नागरिकों का अभिनंदन किया।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर सेवा संकल्प अभियान के क्रम में आयोजित आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश भर में अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थलों पर कर्मयोगी कार्यकर्ता इस अभियान से जुड़े हैं। विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीपक प्रज्वलित हो रहे हैं। उन्होंने इस राष्ट्र यज्ञ का हिस्सा बनने वाले सभी लोगों का हृदय से अभिनंदन किया।
नए भारत के शिल्पी हैं प्रधानमंत्री मोदी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज भगवान विश्वकर्मा की पावन जयंती भी है। भगवान विश्वकर्मा इस सृष्टि के शिल्पी हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए भारत के शिल्पी हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में अपनी एक नई पहचान बनाई है। आज नए भारत का दर्शन हो रहा है और इस नए भारत में हर क्षेत्र से जुड़ा व्यक्ति गौरव की अनुभूति कर सकता है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के साथ प्रदेश भर में इस अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों और नागरिकों को विश्वकर्मा पूजन की भी बधाई दी।
नई आधारभूत संरचना और आधुनिक तकनीक से भारत की नई पहचान
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज भारत दुनिया में अपनी नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। नई आधारभूत संरचना के साथ भारत आधुनिक तकनीक में नेतृत्व देने वाले देश और दुनिया में सबसे तेज गति से उभरती अर्थव्यवस्था के रूप में जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय विरासत और विकास के अभिनव प्रयोगकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में आए बदलाव से नए भारत का दर्शन हो रहा है।
पीएम के लिए घर-घर जल रहे आशीर्वाद के दीये
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर प्रदेश भर में अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थलों और लोक कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद के दीये प्रज्वलित हो रहे हैं। उन्होंने इसे राष्ट्र यज्ञ से जोड़ते हुए कहा कि प्रदेश के कोटि-कोटि कार्यकर्ता, लाभार्थी और नागरिक इसका हिस्सा बने हैं। आशीर्वाद का दीया लेकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करने आए लोगों के साथ पूरा प्रदेश आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ा है।
विकसित भारत के संकल्प के साथ यूपी की 25 करोड़ जनता
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना के साथ उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता खड़ी है। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान से जुड़े कर्मयोगी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रमों और लाभार्थियों के घरों में जल रहे दीपक इस राष्ट्र यज्ञ से लोगों को जोड़ रहे हैं।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह और कार्यक्रम प्रभारी राजीव मिश्र समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी और नागरिक मौजूद रहे।
काशी से वडनगर के लिए बाइक यात्रा का फ्लैग ऑफ
इससे पहले वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान के तहत काशी से वडनगर जाने वाली बाइक यात्राओं का शुभारंभ किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुब्बारे छोड़कर बाइक यात्राओं को फ्लैग ऑफ किया।
काशी और वडनगर से 10-10 यात्राएं अलग-अलग मार्गों से निकलेंगी। गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर युवा काशी पहुंचेंगे और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश की पवित्र नदियों का जल और बाबा विश्वनाथ का प्रसाद लेकर काशी से निकलने वाले युवा वडनगर पहुंचेंगे, जहां हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी ने इसे एक भारत-श्रेष्ठ भारत के भाव को आगे बढ़ाने वाली यात्रा बताया। करीब 20 दिन की यात्रा के दौरान बाइक सवार युवा प्रतिदिन लगभग 100 किलोमीटर का सफर करेंगे। हर दिन चार बड़े कार्यक्रम आयोजित कर लोगों से संवाद और सेवा के कार्यक्रम किए जाएंगे।



