‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार से पूरे प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाते हुए प्रदेशभर में विभिन्न सेवा एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पार्टी के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। काशी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में ‘काशी से वडनगर तक सेवा यात्रा’ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी सहित अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे।


सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। विभिन्न स्थानों पर फल वितरण सहित अनेक सेवा गतिविधियां संचालित की गईं। शाम को प्रदेश के सभी बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे़ ने सहजनवां (गोरखपुर), मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में दीप प्रज्ज्वलित किया। जबकि भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल राजनीति नहीं, बल्कि ‘जन सेवा ही देश सेवा’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के जीवंत प्रमाण हैं। उन्होंने बाबा विश्वनाथ के चरणों में नमन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उनके दीर्घायु और निरोगी जीवन की प्रार्थना की। पंकज चौधरी ने कहा कि“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस भारतीय जनता पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि सेवा के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के प्रत्येक क्षण को राष्ट्रसेवा और जनसेवा के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत का मान-सम्मान बढ़ा है, चाहे हाल ही में संपन्न ब्रिक्स सम्मेलन हो या दुनिया के 36 देशों द्वारा दिया गया सर्वाेच्च नागरिक सम्मान। आज ‘काशी के लाल’ काशी के कोने-कोने का विकास कर रहे हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा के माध्यम से अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहा है। उत्तर प्रदेश में आज से प्रारंभ हुआ सेवा संकल्प अभियान इसी भावना का विस्तार है। प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों और बूथों तक सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर सेवा कार्यों में सहभागी बन रहे हैं।

Related Articles

Back to top button