लखनऊ। पूर्व सदस्य राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अनिल यादव ने कहा कि हमारा संकल्प एक ऐसे समाज का निर्माण करना है, जहां किसी के साथ जाति, धर्म, वर्ग या आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो। जहां गरीब के बच्चे को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, युवाओं को रोजगार के समान अवसर प्राप्त हों, किसानों और मजदूरों को उनका अधिकार मिले तथा महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और बराबरी का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि PDA केवल एक राजनीतिक अवधारणा नहीं, बल्कि सामाजिक भागीदारी, समानता, सम्मान और न्याय से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने का संकल्प है। हमारा उद्देश्य समाज के उन सभी वर्गों की आवाज को मजबूती देना है, जिन्हें लंबे समय से अपने अधिकारों, सम्मान और अवसरों के लिए संघर्ष करना पड़ा है।
अनिल यादव ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने हमें संविधान के माध्यम से समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय का मार्ग दिखाया। डॉ. राममनोहर लोहिया ने सामाजिक विषमता के खिलाफ आवाज उठाई। इन महापुरुषों के विचार हमें एक ऐसे भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं, जहां सत्ता और व्यवस्था में हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो। आज आवश्यकता है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक अवसरों के क्षेत्र में सभी को बराबरी का अधिकार मिले। संविधान और लोकतंत्र की मजबूती के लिए सामाजिक एकता और जागरूकता बेहद जरूरी है।
अनिल यादव ने कहा कि आइए हम सामाजिक न्याय, संविधान की गरिमा, आरक्षण की सुरक्षा और वंचित समाज के अधिकारों के सवाल को मजबूती से उठाते रहेंगे। हमारा संघर्ष किसी के विरुद्ध नहीं, बल्कि असमानता, भेदभाव और अन्याय के विरुद्ध है। हम मिलकर एक ऐसे समाज की कल्पना को साकार करें, जहां न कोई छोटा हो, न कोई बड़ा; हर व्यक्ति को सम्मान मिले, हर बच्चे को शिक्षा मिले और हर युवा को आगे बढ़ने का अवसर मिले।
हमारा नारा है—लाएंगे समानता और सामाजिक न्याय, सब मिलकर PDA सरकार बनाएं!
संविधान का सम्मान, हर वर्ग को अधिकार, सामाजिक भागीदारी से बनेगा समतामूलक समाज!



