नोटबंदी के 10 साल पर अखिलेश का भाजपा पर हमला, खजांची का जन्मदिन मनाकर उठाए बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल!
लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दौरान बैंक की कतार में लगने के समय जन्मे खजांची का 10वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव सहित पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खजांची को उपहार भेंटकर जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खजांची की मां, भाई और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। समाजवादी पार्टी हर साल खजांची का जन्मदिन मनाती है। खजांची का जन्म नोटबंदी के दौरान हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा को भी खजांची का जन्मदिन मनाना चाहिए और उसे गोद लेना चाहिए, लेकिन इस तरह नहीं जैसे भाजपा नेताओं ने गांवों को गोद लेकर बाद में अनाथ छोड़ दिया।
अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दस वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नोटबंदी भाजपा की नाकामयाबी के दस साल हैं। नोटबंदी भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार का महासागर साबित हुई। उनके मुताबिक, नकदी का चलन 70 प्रतिशत बढ़ा है और नोटबंदी के समय सरकार की ओर से बताए गए लक्ष्य भी पूरे नहीं हुए। उन्होंने नोटबंदी को स्लो प्वाइजन बताते हुए आरोप लगाया कि नोट बदलने के नाम पर ऐसा खेल हुआ, जिसने पूरे बैंकिंग सिस्टम को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बैंकों को सूदखोरों से भी ज्यादा खतरनाक बना दिया है। लाखों लोगों के बैंक खातों से पेनाल्टी के नाम पर पैसे काटे जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी का सबसे ज्यादा असर किसानों, व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी कारोबारियों, छोटे दुकानदारों और कारखानों पर पड़ा। इस फैसले के कारण कई कारखानों पर ताले लग गए और वे दोबारा कभी उबर नहीं पाए। उन्होंने बैंकों के बंद होने और उन्हें बेचने की स्थिति पर भी सवाल उठाए। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जो लोग वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का दावा कर रहे हैं, उनके नोटबंदी के नकारात्मक फैसले ने देश को 1947 से भी पीछे कर दिया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक तथा पूर्व मंत्री इन्द्रजीत सरोज, सांसद आर.के. चौधरी, सांसद आनंद भदौरिया, सांसद लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू निषाद, सांसद पुष्पेंद्र सरोज, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक संदीप पटेल, पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी डॉ. मधु गुप्ता, पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव, समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर, राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह, अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल, प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



