बुलडोजर से डराना चाहती है सरकार-अखिलेश यादव


राजेन्द्र चौधरी

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार लोगों को चिह्नित करके बुलडोजर से डराना चाहती है। खासकर विपक्षी दलों के लोगों और मुसलमान भाइयों पर दुर्भावना से बुलडोजर चल रहा है। कानपुर देहात में एक गरीब सब्जी बेचने गया और घर वापस आया तो उसका मकान गिरा हुआ था। आजमगढ़ में एक यूनिवर्सिटी है जिसका सम्मान न सिर्फ देश में बल्कि विदेश में भी है। उस यूनिवर्सिटी की भी बाउण्ड्री गिरा दी गई। उन्होंने कहा कि देश कानून-संविधान से चलता है। देखा जाए तो सबसे ज्यादा अवैध मकान भाजपाइयों के हैं।
श्री यादव ने कहा कि जिस तरीके से माननीय सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में बहस चल रही है बहुत जल्द श्री मोहम्मद आजम खान जेल से बाहर आ जाएंगे। सरकार की लगातार कोशिश रही है कि उनके ऊपर इतना दबाव हो कि वह बाहर न निकल पाएं। समाजवादियों को और पूरी जनता को उम्मीद है कि उनके साथ न्याय होगा।पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज आजमगढ़ में पूर्व मंत्री श्री दारा सिंह चौहान की माता जी के त्रयोदशाह संस्कार में सम्मिलित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।श्री यादव एकतरफा पुलिस कार्रवाई से जेल में बंद समाजवादी पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा लोकतंत्र को बचाने के लिए उठे समाजवादियों के कदम पीछे नहीं हटेंगे।


ज्ञानवापी मामले पर अखिलेश यादव ने कहा कि सुप्रीमकोर्ट के तमाम फैसले हैं जिसमें यह कहा गया कि पुरानी चीजों में छेड़खानी नहीं हो सकती है। क्या उन फैसलों को भी भाजपा नही मानेगी। मैं कोर्ट से अपील करूंगा कि कोई ऐसा काम न हो जिससे समाज में खाई पैदा हो। जानबूझकर मुसलमान भाइयों के बीच डर पैदा करने के लिए यह काम किया जा रहा है।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश में कहीं गेहूं नहीं खरीदा गया। 5 बड़ी कम्पनियों ने किसानों का गेहूं खरीद लिया। अब आटा महंगा मिलेगा। गेहूं की कीमत से कम पर भूसा बिक गया। वह प्रदेश के बाहर चला गया। भाजपा राज में सरसों का तेल, पेट्रोल-डीजल महंगा हो गया। सरिया, ईंटा ही नहीं चलना भी महंगा हो गया है।


अखिलेश यादव ने कहा कि किसान सम्मान निधि में घोटाले की जांच इसलिए हो रही है कि सरकार के पास बजट नहीं है। राशन बंटना भी बंद होगा। 20 लाख ईवीएम गायब हैं। इसकी कोई जानकारी नहीं है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा और गुणवत्ता दोनों बर्बाद हैं। उन्होंने कहा कि बेकारी, गरीबी, महंगाई पर भाजपा चर्चा नहीं करती है। नौकरियां नहीं है। पूंजी निवेश नहीं है। रुपए की कीमत गिर गई है।श्री यादव ने कहा कि भाजपा नए तरीके की राजनीति कर रही है। वह जानबूझकर नफरत पैदा करती है। भाजपा जानती है कब कौन विवाद पैदा करना है। वह उसको प्रायोजित और वित्तीय मदद भी देती हैं। भाजपा जनहित के मुद्दे नहीं अनावश्यक साम्प्रदायिकता फैलाने वाले मुद्दों को उठाकर जनता को गुमराह कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button