Saturday, May 16, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश गोरखपुर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात

गोरखपुर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात

22
गोरखपुर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात
गोरखपुर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात

गोरखपुर में 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के प्रथम चरण का भूमिपूजन और शिलान्यास मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में खेल अवसंरचना लगातार मजबूत हो रही है, जिससे युवाओं को नई पहचान और अवसर मिल रहे हैं। यह स्टेडियम पूर्वी उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ क्षेत्र के विकास और रोजगार सृजन को भी नई गति देगा।

गोरखपुर /लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गोरखपुर में 46 एकड़ भूमि पर बनने वाले अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। लगभग 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह स्टेडियम पूर्वी उत्तर प्रदेश के खेल परिदृश्य को नई दिशा देगा। 30 हजार दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में 7 मुख्य प्लेइंग पिच, 8 प्रैक्टिस पिच, हाई मास्ट स्पोर्ट्स लाइटिंग, आधुनिक सुरक्षा प्रणाली, ऊर्जा दक्ष व्यवस्था तथा अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही स्टेडियम परिसर के पास एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जाएगा, जहां हॉकी, इंडोर गेम्स और अन्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार खेल अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के जरिए देश में नई खेल संस्कृति विकसित हुई है, जिससे युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने खेल नीति बनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए गांव स्तर पर खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम तथा कमिश्नरी स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण अंतिम चरण में है और इसी सत्र में इसका भव्य उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री की प्रेरणा और बीसीसीआई के सहयोग से वाराणसी में भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह स्टेडियम सिर्फ एक खेल परियोजना नहीं बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास योजनाओं के चलते निवेश और रोजगार के अवसर तेजी से बढ़े हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, सांसद रवि किशन शुक्ल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। इस परियोजना से न केवल खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और रोजगार सृजन को भी गति मिलने की उम्मीद है।