गोमती उत्सव-2026 से योगी का बड़ा संदेश

  • गोमती उत्सव-2026: मुख्यमंत्री योगी ने दिया बड़ा संदेश, बोले- गोमती नदी लखनऊ की आत्मा, इसकी निर्मलता बनाए रखना हम सभी का दायित्व।
  • गोमती उत्सव-2026 के समापन समारोह में योगी ने गोमती नदी की स्वच्छता, नए एसटीपी, पर्यावरण संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और अयोध्या दीपोत्सव को लेकर अहम बातें कहीं।
  • मुख्यमंत्री ने गोमती उत्सव-2026 के समापन समारोह में सम्मिलित हुए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 महानुभावों को गोमती गौरव सम्मान से सम्मानित किया।
  • उत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होते, बल्कि परिवार और समाज को एक-दूसरे से जोड़ने, सांस्कृतिक चेतना जागृत करने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के महत्वपूर्ण अवसर।
  • गोमती उत्सव को नदी की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों, लोक कला, लोक परम्पराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रभावी मंच बनाया जाना चाहिए।
  • मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की, बाजार जाते समय अपने घर से कपड़े का थैला अथवा कैरी बैग लेकर जाएं।
  • गोमती नदी लखनऊ की आत्मा, इसकी अविरलता और निर्मलता बनाए रखना हमारा दायित्व।
  • प्रदेश सरकार गोमती नदी को स्वच्छ बनाने के लिए नए एस0टी0पी0 स्थापित कर रही।

लखनऊ। गोमती नदी केवल जलधारा नहीं, बल्कि लखनऊ की सांस्कृतिक पहचान और आत्मा है। इसकी अविरलता और निर्मलता बनाए रखना सरकार के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। गोमती उत्सव को केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रखकर नदी संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, स्थानीय उत्पादों, लोक कला और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रभावी मंच बनाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री रविवार को गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित गोमती उत्सव-2026 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 महानुभावों को गोमती गौरव सम्मान से सम्मानित किया।

गोमती की स्वच्छता के लिए सरकार कर रही प्रयास, नए एसटीपी किए जा रहे स्थापित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोमती नदी की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लखनऊ में प्रवेश करने से पहले गोमती की धारा अविरल और निर्मल दिखाई देती है, लेकिन शहर में प्रवेश के बाद नदी की स्थिति बदलने लगती है। यह चिंताजनक है। प्रदेश सरकार गोमती को स्वच्छ बनाने के लिए नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित कर रही है। इनमें से अधिकांश संयंत्र बन चुके हैं। नालों और सीवर के पानी को टैप कर एसटीपी तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि शोधित पानी ही नदी में प्रवाहित हो।

उन्होंने लखनऊवासियों और गोमती उत्सव समिति से नदी संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमती उत्सव की शुरुआत ही नदी की शुद्धता, अविरलता और निर्मलता के संकल्प के साथ होनी चाहिए। आयोजन को नदी के तट पर आयोजित कर इसके माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए।

सिंगल यूज प्लास्टिक को कहें ना, बाजार जाते समय साथ रखें कपड़े का थैला

पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण, स्वास्थ्य और सुरक्षा तीनों के लिए गंभीर चुनौती है। लोगों को बाजार जाते समय घर से कपड़े का थैला या कैरी बैग लेकर निकलना चाहिए। पहले लोग सब्जी और अन्य सामान खरीदने के लिए झोला लेकर जाते थे। हमें उसी अच्छी परंपरा को फिर से अपनाना होगा। प्लास्टिक को नदियों और सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने से जल प्रदूषण बढ़ता है और पशुओं को भी नुकसान पहुंचता है। कोई नाला और कचरा पवित्र गोमती नदी में नहीं गिरना चाहिए।

उत्सव सामाजिक एकता और परिवारों को जोड़ने का माध्यम: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्सव केवल मनोरंजन का साधन नहीं होते, बल्कि परिवार और समाज को एक-दूसरे से जोड़ने, सांस्कृतिक चेतना जागृत करने तथा सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के महत्वपूर्ण अवसर होते हैं।उन्होंने आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते एकाकीपन और तनाव पर चिंता जताते हुए कहा कि आज एक ही घर में रहने वाले परिवार के चार सदस्य भी अपने-अपने स्मार्टफोन में व्यस्त रहते हैं। आपसी संवाद और सामूहिक सहभागिता कम होती जा रही है। यही एकाकीपन तनाव और अवसाद को बढ़ाता है। समाज में सामूहिकता और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में सबके कल्याण और सामूहिक विकास की सोच विकसित की गई है।

पहले उपद्रव का माहौल था, आज उत्तर प्रदेश में उत्सव ही उत्सव: मुख्यमंत्री

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में उपद्रव और अराजकता का वातावरण था, लेकिन आज प्रदेश में उत्सवों की नई पहचान बन रही है। गोमती उत्सव भी इसी सकारात्मक बदलाव का हिस्सा है। उन्होंने अयोध्या दीपोत्सव का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस अयोध्या ने पूरी दुनिया को दीपावली का पर्व दिया, वहां पहले दीपावली पर कोई विशेष आयोजन नहीं होता था। प्रदेश सरकार ने दीपोत्सव की परिकल्पना को साकार किया और आज यह आयोजन विश्वस्तरीय स्वरूप ले चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव के कारण दो दिनों तक देश और दुनिया में अयोध्या की चर्चा होती है। यदि यह आयोजन इसी भव्यता और जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ता रहा तो एक दिन यूनेस्को भी इसे मान्यता प्रदान करेगा। किसी परंपरा को वैश्विक पहचान तभी मिलती है, जब उसमें लोक आस्था, लोक परंपराओं और आमजन की सहभागिता शामिल हो।

‘एक जनपद-एक उत्पाद’ से मिली स्थानीय कारीगरों को नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ योजना शुरू की। अच्छी सरकारें अपने कलाकारों, हस्तशिल्पियों और कारीगरों को अवसर उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश को ‘एक जनपद-एक माफिया’ की पहचान मिली थी, जबकि वर्तमान सरकार ने ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ की पहचान दी है। उन्होंने ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले के अपने विशिष्ट पारंपरिक व्यंजन हैं। गोमती उत्सव में भी स्थानीय व्यंजनों को स्थान मिलना चाहिए, ताकि लोग इनका स्वाद लेने के साथ उनकी विशेषताओं और निर्माण की विधि को भी जान सकें।

महिलाओं के पारंपरिक हुनर को वैश्विक बाजार से जोड़ने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की माताओं और बहनों के पारंपरिक व्यंजनों में बड़ी संभावनाएं हैं। प्रत्येक घर में ऐसे विशिष्ट व्यंजन तैयार किए जाते हैं, जिन्हें उचित पहचान और बाजार मिले तो वे वैश्विक स्तर पर अपनी जगह बना सकते हैं। इसके लिए गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। गोमती उत्सव स्थानीय खानपान, पारंपरिक पाक कला और महिला प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का बड़ा मंच बन सकता है। उन्होंने कहा कि उत्सव में स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों, लोक कलाकारों और गोमती संरक्षण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाना चाहिए। इससे समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और दूसरे लोग भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे।

आठ वर्षों में भव्य आयोजन बना गोमती उत्सव

मुख्यमंत्री ने गोमती उत्सव समिति के पदाधिकारियों और आयोजन से जुड़े लोगों को बधाई देते हुए कहा कि आठ वर्ष पूर्व जिस आयोजन की परिकल्पना की गई थी, वह आज भव्य स्वरूप ले चुका है। इसे और व्यापक बनाया जाना चाहिए। प्रदेश सरकार आयोजन को आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग करेगी। उत्सव में स्थानीय कलाकारों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों एवं प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलना चाहिए। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत दोनों को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम को गोमती उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष रामकृष्ण यादव, परिकल्पक सर्वेश अस्थाना तथा मुख्य संरक्षक राजीव मिश्र ने भी संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button