सड़क सुरक्षा अभियान में शुजागंज पुलिस का एक्शन,15 दिन में 80 वाहनों के चालान। एक बाइक सीज और काली फिल्म लगी दो कारों का चालान।
अंकुर श्रीवास्तव
पटरंगा/अयोध्या। सड़क पर मनमानी करने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ शुजागंज चौकी पुलिस ने अभियान छेड़ रखा है। नवंबर माह में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान के तहत चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह की सक्रियता से महज 15 दिनों में 80 वाहनों का चालान किया गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वालों में खलबली मची है।
अयोध्या के पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने एक नवंबर से 15 नवंबर तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 15 बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की गई। वहीं एक बाइक को सीज किया गया। काली फिल्म लगी दो चार पहिया गाड़ियों का भी चालान किया गया।पुलिस की नजर खासतौर पर बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों, एक बाइक पर तीन सवारी बैठाने वालों और तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने वालों पर रही। ऐसे वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत देने के साथ उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई।
शुजागंज बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से अब नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालक सतर्क नजर आने लगे हैं। खासकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज आवाज से लोगों को परेशान करने वाले बाइक सवारों पर पुलिस की सख्ती चर्चा का विषय बनी हुई है।इस अभियान में कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, रवि, प्रवींद्र कुमार, सौरभ यादव और रवि सहित पुलिस टीम के अन्य जवान सक्रिय रहे। चौकी प्रभारी की अगुवाई में जारी इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा और आम राहगीरों की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



