संस्कृत शिक्षा के संरक्षण और शिक्षकों के सम्मान की दिशा में मुलायम सिंह यादव का ऐतिहासिक कदम। मुलायम सिंह यादव सरकार ने 2007 में राजपत्र संशोधन के जरिए सहायता प्राप्त संस्कृत विद्यालयों और महाविद्यालयों को वेतन भुगतान संबंधी अधिनियम के दायरे में शामिल किया था। अनिल यादव ने इसे संस्कृत शिक्षा और शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
लखनऊ। समाजवादी विचारधारा के प्रमुख स्तंभ एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव ने अपने कार्यकाल में संस्कृत भाषा, संस्कृत विद्यालयों और महाविद्यालयों के संरक्षण एवं विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया था। उनके नेतृत्व में संस्कृत शिक्षा से जुड़े शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान की समस्या के समाधान के लिए कानूनी व्यवस्था को मजबूत किया गया। यह बात अनिल यादव ने कही।
अनिल यादव ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, दर्शन, साहित्य, व्याकरण और सांस्कृतिक चेतना की अमूल्य धरोहर है। संस्कृत का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों और इस शिक्षा व्यवस्था से जुड़े शिक्षकों को सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में 21 फरवरी 2007 को उत्तर प्रदेश राजपत्र में प्रकाशित संशोधन संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम था। इस संशोधन के तहत सहायता प्राप्त संस्कृत विद्यालयों और संस्कृत महाविद्यालयों को शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन भुगतान संबंधी अधिनियम के दायरे में शामिल किया गया। इसका उद्देश्य वेतन भुगतान में होने वाली देरी की समस्या का समाधान करना और संबंधित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कानूनी संरक्षण प्रदान करना था।
अनिल यादव ने कहा कि नेताजी का शिक्षा के प्रति दृष्टिकोण समावेशी था। उनका मानना था कि शिक्षा किसी विशेष वर्ग तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। संस्कृत जैसी प्राचीन और समृद्ध भाषा के अध्ययन-अध्यापन को प्रोत्साहित करना भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि संस्कृत शिक्षा को केवल परंपरा तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे आधुनिक शिक्षा, रोजगार, शोध, तकनीक और ज्ञान-विज्ञान से भी जोड़ा जाए। संस्कृत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पर्याप्त संसाधन, योग्य शिक्षक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। संस्कृत के विद्यार्थियों को भी अन्य विषयों के विद्यार्थियों के समान अवसर मिलने चाहिए।
अनिल यादव ने कहा कि समाजवादी विचारधारा शिक्षा, सामाजिक समानता और सामाजिक न्याय की पक्षधर रही है। नेताजी के विचारों से प्रेरणा लेते हुए संस्कृत सहित सभी भारतीय भाषाओं के संरक्षण, संवर्धन और विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। संस्कृत विद्यालयों और महाविद्यालयों को मजबूत बनाना केवल शिक्षा का विषय नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण दायित्व है।



