अयोध्या में मतदाता सूची पुनरीक्षण-2027 की तैयारी तेज, 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर। अयोध्या में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 अभियान शुरू होगा। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज होंगे दावे और आपत्तियां, 21-22 व 28-29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस; 4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची।
अयोध्या। आगामी विधानसभा एवं अन्य निर्वाचन प्रक्रियाओं को देखते हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अयोध्या में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत व्यापक अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं, महिलाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए सभी पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
17 नवंबर को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए 21 एवं 22 नवंबर तथा 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। उनके पास मतदाता पंजीकरण से संबंधित फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगे।
फार्म-6, 7 और 8 से होगा मतदाता सूची में पंजीकरण व संशोधन
मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता विवरण में संशोधन और अन्य आवश्यक बदलाव के लिए फार्म-8 का इस्तेमाल किया जाएगा। फार्म-6 के साथ सफेद पृष्ठभूमि वाली सामने से पूरे चेहरे की नवीनतम अहस्ताक्षरित रंगीन पासपोर्ट आकार की फोटो (4.5 × 3.5 सेंटीमीटर) लगाना अनिवार्य होगा। आवेदन में पूरा पता और मोबाइल नंबर सही-सही दर्ज करने की भी अपील की गई है।
READ ALSO : मस्तिष्क की प्राकृतिक सफाई प्रणाली से खुलेगी अल्जाइमर के इलाज की नई राह?
पात्र नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in और ECINET ऐप पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं के पंजीकरण पर विशेष फोकस
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवाओं का मतदाता सूची में नाम प्राथमिकता के आधार पर शामिल कराया जाए। इसके लिए जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
कक्षा-9 और उससे ऊपर के शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) गठित करने, प्रत्येक संस्थान में को-ऑर्डिनेटर एवं ऑडिटर नामित करने और पहले से गठित क्लबों को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मताधिकार और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शुद्ध निर्वाचक नामावली और मतदान के महत्व पर निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराई जाएंगी।
महिलाओं और छूटे हुए मतदाताओं तक पहुंचेंगे विभागीय अधिकारी
मतदाता सूची में महिलाओं और अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी को एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिला मतदाताओं का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा डीसी एनआरएलएम समूह सखियों के माध्यम से पात्र महिलाओं को अभियान से जोड़ेंगे। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त को पार्षदों के सहयोग से छूटे हुए युवा एवं महिला मतदाताओं की पहचान कराने, जिला पूर्ति अधिकारी को कोटेदारों के माध्यम से पात्र नागरिकों तक जानकारी पहुंचाने और जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में पंजीकरण अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई।
दिव्यांगजनों, श्रमिकों और खिलाड़ियों का भी होगा पंजीकरण
अभियान के तहत दिव्यांगजनों, श्रमिकों, स्वरोजगार से जुड़े युवाओं और खिलाड़ियों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी छूटे हुए पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करेंगे। उपायुक्त मनरेगा श्रमिकों एवं स्वरोजगार से जुड़े पात्र युवाओं को चिह्नित करेंगे, जबकि उपायुक्त उद्योग उद्योग बंधुओं के साथ बैठक कर श्रमिकों, युवाओं और महिलाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करेंगे। जिला क्रीड़ाधिकारी पात्र युवा खिलाड़ियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाएंगे। इसके अतिरिक्त डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के माध्यम से पात्र छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कराया जाएगा। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जनसेवा केंद्र संचालकों को फार्म-6, 7 और 8 ऑनलाइन भरने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को शत-प्रतिशत पंजीकरण का लक्ष्य
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। विभागीय स्तर पर पात्र नागरिकों को जागरूक करने के साथ यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशु राजा, विभिन्न तहसीलों के उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला युवा अधिकारी, जिला क्रीड़ाधिकारी, मुख्य चिकित्सा विभाग के प्रतिनिधि, अवध विश्वविद्यालय एवं झुनझुनवाला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।



