राजेन्द्र चौधरी
भाजपा मतदाता सूची में फर्जी और शिफ्ट हुए वोटों को दोबारा जुड़वाने की साजिश कर रही है। भाजपा की तैयारी है कि उसके अनरजिस्टर्ड, अंडरग्राउण्ड, सुरंग जीवी लोग मिलकर मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, हिमांचल प्रदेश, उत्तराखण्ड और अन्य जगहों के लोगों को लाकर उनके वोट बनवा दें, क्योंकि भाजपा वोट के मामले में हार गयी है। अगर वोटरलिस्ट से 1 करोड़ 27 लाख वोट कट गये हैं। 31 हजार वोट हर विधानसभा में कम हो गये हैं तो भाजपा की कितनी सीटे बचेगी। चुनाव में भाजपा का पता नहीं चलेगा। विधानसभा चुनाव में हार के डर से भाजपा बड़ी साजिश और प्लानिंग कर रही है। मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेराफरी की साजिश कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा षडयंत्रकारी है। आशंका है कि जिस दिन वोट पड़ेगा बूथ के अन्दर और बाहर अलग-अलग वोटरलिस्ट हो सकती है।
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को हर स्तर पर सावधान और सतर्क रहने को कहा। उन्होंने एसआईआर के दौरान अपना वोट बचाने और वोटरलिस्ट में मतदाताओं का नाम जुड़वाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि सभी लोग पूरी तरह से सावधान रहे, नहीं तो वोट डालने जाएंगे तो बता दिया जाएगा कि वोटरलिस्ट में वोट नहीं है और भगा दिया जाएगा।आधारकार्ड और वोटरआईडी मेटल का बनाने का सुझाव देते हुए कहा कि मतदाता सूची को आधार कार्ड से जोड़ा जाए। सभी का बायोमेट्रिक है। मतदान बायोमैट्रिक के जरिए हो। इससे पारदर्शिता आएगी। फर्जी वोट और मतदान पर रोक लेगी।
सरकार और चुनाव आयोग के बीच क्या सांठ-गांठ है? विपक्ष को चुनाव आयोग से कोई जानकारी नहीं मिलती और मुख्यमंत्री जी को सब पता चल जाता है। चुनाव आयोग बताए कि एक करोड़ 27 लाख हिन्दू वोट कटने की बात सच है या झूठ। श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने एक करोड़ 27 लाख हिन्दू वोट कटने की बात किसी साजिश और गहरे षडयंत्र के तहत कही है। साजिश के तहत इतने वोट कटने का डर फैलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लिया हैं, वह कैसे कह सकते है कि एक करोड़ 27 लाख हिन्दूओं के वोट कट गये। श्री यादव ने कहा कि हम यंू कहे कि जो वोट कटे हैं उसमें से 90 फीसदी पीडीए का वोट हैं या पीडीए का एक करोड़ वोट कट गया है। उन्होंने कहा कि लगता है कि चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री जी के इस बयान के बाद उन्हें धमकाया है इसीलिए अब दो दिन से वोट कटने का बयान नहीं दे रहे हैं।
विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो गयी है। समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता पीडीए प्रहरी चुनाव की तैयारी कर रहे है। उन्होंने पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी ने मतदाताओं का नाम वोटरलिस्ट में जुड़वाया। वोट बचाया। भाजपा और चुनाव आयोग को टेक्निकल सपोर्ट करने वाली टीम के तमाम प्रयासों के बाद अपना वोट बचाने में कामयाब रहे। भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, सब बर्बाद कर दिया। एनसीआरबी के आंकड़ों से स्पष्ट है कि भाजपा सरकार में दलितों पर अपराध सबसे ज्यादा हुए हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध में उत्तर प्रदेश नम्बर एक पर है। साइबर अपराध में यूपी नम्बर एक है। पुलिस हिरासत में लोगों की मौतों के मामले में यूपी नम्बर एक पर है। भाजपा सरकार में जेल में सबसे ज्यादा पीडीए समाज के लोग है। सबसे ज्यादा फर्जी एनकांउण्टर पीडीए समाज के लोगों का हुआ है। मुख्यमंत्री जी ने अपनी राजनीतिक छवि चमकाने के लिए सूचना विभाग का बजट कई गुना बढ़ा दिया है। वह प्रधानमंत्री जी से भी ज्यादा पैसा अपने राजनीतिक चेहरे को चमकाने के लिए खर्च कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून का राज नहीं है। सरकार ने पुलिस को खराब कर दिया है। पुलिस चप्पल पहनकर एनकाउण्टर कर देती है। यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने दस साल में 81 गंभीर टिप्पणियां की है। कोर्ट ने यूपी पुलिस को भंग करने तक की चेतावनी दे दी थी। अधिकारियों को कई बार कोर्ट में खड़ा होना पड़ा। भाजपा की बैठक को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चुनाव को लूटने की तैयारी के लिए बैठक कर रही है। इसीलिए समाजवादी पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर सावधान रहने को कहा है। हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग अन्य राज्यों की तरह यूपी के डीजीपी, प्रमुख सचिव गृह और अन्य अधिकारियों को चुनाव के दौरान हटाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों की पोस्टिंग की गयी है। कई जिलों का आंकड़ा दिखाते हुए श्री यादव ने कहा कि वहां पीडीए समाज के अधिकारी नहीं है या बहुत कम संख्या में है। भाजपा सरकार ने अच्छे और ईमानदार अधिकारियों को प्रताड़ित किया है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ईमानदार और अच्छे अधिकारियों को पोस्टिंग मिलेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन समाजवादी पार्टी का जो गठबंधन है वहीं विधानसभा चुनाव में भी रहेगा। वही परमानेंट गठबंधन है। समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन भाजपा को हमेशा-हमेशा के लिए सत्ता से हटाने का काम करेगा। यूपी को भाजपा के कुशासन से मुक्त करेगा। समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन लगातार बूथ पर काम कर रहा है। मेहनत कर रहा है। उन्होंने कहा कि सियासत में चुनाव के दौरान सैलानी आते रहते है। कुछ लोगों को यहां रूककर काम करना चाहिए। भाजपा सरकार के अन्याय, अत्याचार, प्रताड़ना को देखना चाहिए। भाजपा सरकार ने मोहम्मद आजम खां साहब के साथ बहुत अन्याय किया है। उनके ऊपर झूठे मुकदमें लगाए। भाजपा की साजिश और षडयंत्र के तहत मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की जांच हो रही है। सोचने वाली बात है कि विश्वविद्यालय की जांच ईडी कर रही है लेकिन 17500 करोड़ रूपये के टेंडर में सरकारी धन की लूट हो गयी। भ्रष्टाचार हुआ उसकी जांच नहीं हो रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन पीडीए चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। 4 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। 6 जनवरी को चुनाव आचार संहिता लग सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की जनता के सामने संकट पैदा किया है। भाजपा सत्ता से हटेगी तभी संकट खत्म होगा। उत्तर प्रदेश में भाजपा की हवा खराब है। समाजवादी पार्टी के पक्ष में पीडीए की हवा चल रही है।



