आस्था, भक्ति और भव्यता के अद्भुत संगम से रामनगरी अयोध्या एक बार फिर जगमगाने को तैयार है। 10वें दीपोत्सव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिन अयोध्या में रहेंगे। भगवान श्रीराम के राजतिलक, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, सरयू आरती, लाखों दीपों की जगमगाहट और भव्य ड्रोन-लेजर शो के जरिए अयोध्या में दीपोत्सव का अलौकिक नजारा देखने को मिलेगा।
अयोध्या। 10वें दीपोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आज और रविवार को अयोध्या में रहेंगे। इस दौरान वह भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के राजतिलक, पुष्पवर्षा, दीप प्रज्ज्वलन और सरयू आरती सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रामकथा पार्क में संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के बीच मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी पर दीपों की भव्य रोशनी के साथ प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र होंगे। हरित आतिशबाजी और रामलीला के माध्यम से रामनगरी में परंपरा, आस्था और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:40 बजे रामकथा पार्क के पास बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां वह दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ अयोध्या में पुष्पवर्षा करेंगे। फिर तीनों स्वरूपों का राजतिलक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं, आमजन और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद राम की पैड़ी पहुंचकर मां सरयू की आरती और दीप प्रज्ज्वलन करेंगे। यहां प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से भगवान श्रीराम की गाथा का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही ड्रोन और लेजर शो का आयोजन होगा।
राम की पैड़ी पर संबोधन के बाद मुख्यमंत्री सरयू पुल पहुंचकर हरित पटाखों के प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वह रामकथा पार्क लौटकर रामलीला का अवलोकन करेंगे। रात्रि में मुख्यमंत्री का सरयू अतिथि गृह में विश्राम प्रस्तावित है। दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में दीपों की जगमगाहट, रामलीला, सरयू आरती और आधुनिक तकनीक से सजे कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होंगे।



