नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम का करें प्रभावी कार्यान्वयन-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से सभी मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 25 से 29 सितंबर, 2026 तक ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजित।सभी जनपदों से अधिक से अधिक औद्योगिक व व्यापारिक संगठनों तथा आम जनमानस की हो सहभागिता। नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम का प्रभावी कार्यान्वयन हो सुनिश्चित।

लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से सभी मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 आगामी 25 से 29 सितंबर, 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित वृहद आयोजन के लिए 2,400 से अधिक एग्जीबिटर्स, 1.5 लाख B2B विजिटर्स और 4.50 लाख B2C विजिटर्स की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।


            मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जनपदों में इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, होर्डिंग्स, बस व ऑटो पोस्टर्स और रेडियो जिंगल्स के माध्यम से सुनिश्चित करें। उन्होंने औद्योगिक व व्यापारिक संगठनों तथा विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्रों को इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक बायर्स और आम जनमानस इसमें शामिल हो सकें। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के समीपवर्ती मण्डलों एवं जनपदों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।


            इसके अतिरिक्त, मुख्य सचिव ने नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम के प्रभावी कार्यान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक और संबंधित अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाए। उन्होंने स्थानीय युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसर प्रदान करने हेतु उद्योगों और सरकारी विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने पर बल दिया तथा अप्रेंटिसशिप पंजीकरण व प्लेसमेंट के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button