भाजपा सरकार में मंहगाई बेलगाम-अखिलेश यादव

राजेन्द्र चौधरी

भाजपा सरकार में मंहगाई बेलगाम हो गयी। अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा निर्मित मंहगाई से जनता त्रस्त है। घरेलू गैस सिलेण्डर की कीमते 29 रूपये बढ़ाकर भाजपा सरकार ने जनता को मंहगाई का एक और डोज दे दिया है। आम जनता मंहगाई से कराह रही है। पिछले तीन महीने में घरेलू गैस सिलेण्डर 89 रूपये मंहगा हो गया है। वहीं कामर्शियल सिलेण्डर की कीमते हजार रूपये से ज्यादा बढ़ चुकी है। डीजल, पेट्रोल की कीमते लगातार बढ़ रही है। भाजपा सरकार को गरीबों, मध्यम वर्गों और आम जनता की कोई चिंता नहीं, भाजपा सिर्फ अपने पूंजीपति मित्रों के मुनाफा और लाभ बढ़ाने की तिकड़म में जुटी रहती है। भाजपा की नीतियां गरीब विरोधी और पूंजीपरस्त हैं। भाजपा पूंजीपतियों के लिए काम करती है।

 
    अखिलेश यादव ने कहा कि मंहगाई कम करने के भाजपा के बड़े-बड़े वादों की हकीकत सामने आ गयी है। भाजपा से हर वर्ग की आस टूट गयी है। डबल इंजन सरकार प्रदेश की जनता को दोनों हाथों से लूट रही है। प्रदेश सरकार बिजली की कीमत बढ़ाती है। स्मार्ट मीटर लगाकर बिल बढ़ाकर लूट करती हैं, तो दिल्ली की सरकार डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के दाम अन्य चीजों के दाम बढ़ाकर जनता की जेब काट रही है और अपनी तिजोरी भर रही है। डीजल, पेट्रोल की कीमतें बढ़ने से परिवहन से लेकर खाना-पीना सब महंगा हो गया। आखिर जनता जाय तो कहां जाय। भाजपा की दोनों सरकारे पूरी तरह संवेदनहीन हो गयी है। लोगों की आमदनी नहीं बढ़ रही है। बेरोजगारी चरम पर है। व्यापार कारोबार सब चौपट हो रहा है। खेती का लागत मूल्य बढ़ रहा है। लेकिन भाजपा की संवेदनहीन सरकार को जनता पर थोड़ी भी तरस नहीं आ रही है।

  अखिलेश यादव ने कहा है कि जिस युग में पुलिस ही अपराधी बन जाए वही कलयुग है। उन्होंने कहा कि माननीय इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भाजपा सरकार के समय में हो रही पुलिसिया ज्यादतियों को देखकर उत्तर प्रदेश  की पुलिस व्यवस्था पर जो सख्त टिप्पणी की है, उसे सुनकर तो नैतिक रूप से भाजपा सरकार को शासन करने का कोई अधिकार नहीं बचता है परंतु नैतिकता, निष्पक्षता, सत्यनिष्ठता, ईमानदारी व इंसाफ जैसे शब्द भाजपा के शब्दकोश में हैं ही नहीं।

भाजपा राज में पुलिस भाजपा के भ्रष्टाचार की ‘भ्रष्टपुतली’ बनकर, संविधान के स्थान पर अवैधानिक-आपराधिक तरीके अपनाकर सत्ता के सियासी फायदे के लिए कानून अपने हाथ में ले रही है। श्री यादव ने कहा कि भ्रष्ट पुलिसवाले याद रखें  भाजपा किसी की सगी नहीं है और ⁠संविधान सदैव रहेगा, ये भाजपाई तो अंतिम दौर में हैं। भाजपाई निश्चित रूप से जा रहे हैं और फिर कभी लौटकर आएंगे भी नहीं। भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार चरम पर है। किसी को भी न्याय नहीं मिल रहा है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उसे कानून और संविधान की कोई परवाह नहीं है।
 

Related Articles

Back to top button