बस्ती में योगी का मेगा विकास अभियान!

मुख्यमंत्री ने जनपद बस्ती में हर्रैया एवं कप्तानगंज विधान सभा क्षेत्रों की 504 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। स्वयं के विकास से ऊपर उठकर समाज व देश के लिए सोचने वाले लोग ही विकास के प्रतिमान स्थापित कर पाते। डबल इंजन सरकार,विरासत और विकास के बेहतर समन्वय के साथ कार्य कर रही। प्रधानमंत्री जी की विकसित भारत की संकल्पना पूर्ण करने के लिए हम विकसित भारत-विकसित उ0प्र0 तथा विकसित उ0प्र0-विकसित बस्ती की अवधारणा के साथ आगे बढ़ रहे। अच्छे लोगां के चुनने के अच्छे परिणाम आते, मखौड़ा धाम, भदेश्वर नाथ धाम तथा तपसी धाम में हो रहे विकास कार्य इसका उदाहरण प्रदेश सरकार 84 कोसी परिक्रमा की भव्यता में निरन्तर विस्तार कर रही। इस परिक्रमा का मार्ग अयोध्या धाम के रिंग रोड के रूप में भी काम करेगा। मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय एक कैम्पस में प्री-प्राइमरी से 12वीं तक की उत्तम शिक्षा का केन्द्र बना, हर्रैया में भी मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय बनने जा रहा। प्रदेश सरकार द्वारा जरूरमन्दों को निःशुल्क राशन, आवास, शौचालय, 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर आदि सुविधाओं से युक्त किया जा रहा। विकास, सुशासन, युवाओं के हित, बहन-बेटियों के सम्मान तथा अन्नदाता किसानों की खुशहाली के लिए प्रदेश सरकार हर सम्भव कदम उठा रही।

बस्ती/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास के लिए अच्छी सोच होना आवश्यक है। विगत 09 वर्षों में हर्रैया ने जितनी तेजी से विकास किया है, वर्ष 2017 से पूर्व यह सम्भव नहीं हो पाया। विकास के लिए अच्छे जनप्रतिनिधि चुनने पड़ते हैं। स्वयं के विकास से ऊपर उठकर समाज व देश के लिए सोचने वाले लोग ही विकास के प्रतिमान स्थापित कर पाते हैं। डबल इंजन सरकार विरासत और विकास के बेहतर समन्वय के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जी की विकसित भारत की संकल्पना पूर्ण करने के लिए हम विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश तथा विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित बस्ती की अवधारणा के साथ आगे बढ़ रहे हैं। आज बस्ती में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि का सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस, मखौड़ा धाम, भदेश्वर धाम, तपसी धाम विकास की नई गाथा लिख रहे हैं।


मुख्यमंत्री आज जनपद बस्ती में हर्रैया एवं कप्तानगंज विधान सभा क्षेत्रों की 504 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इन परियोजनाओं में हर्रैया विधान सभा क्षेत्र की 361.3 करोड़ रुपये लागत की 52 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास तथा कप्तानगंज विधान सभा क्षेत्र की 143.04 करोड़ रुपये लागत की 25 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री जी ने हर्रैया विधान सभा क्षेत्र में 27.06 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का भूमिपूजन भी किया।


ज्ञातव्य है कि इन परियोजनाओं में सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, बाढ़ सुरक्षा एवं सिंचाई परियोजनाएं, विद्यालय एवं छात्रावास भवन, स्वास्थ्य संस्थानों का निर्माण, पर्यटन स्थलों का विकास, ग्रामीण स्टेडियम, गौशाला, नगर विकास कार्य, सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार सहित अन्य जनोपयोगी निर्माण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जनपद के लाखों नागरिकों को बेहतर यातायात, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र, चाभी तथा स्वीकृति पत्र आदि प्रदान किए। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन, महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया।


मखौड़ा धाम की पावन धरा पर महाराज दशरथ को पुत्रेष्टि यज्ञ का अवसर प्राप्त हुआ था। प्रभु श्रीराम भगवान विष्णु के मानव अवतार के रूप में अयोध्या की धरती पर अवतरित हुए। बस्ती को बाबा भदेश्वर नाथ धाम, तपसी धाम की भूमि होने और महान साहित्यकार आचार्य रामचन्द्र शुक्ल की जन्मस्थली होने का सौभाग्य प्राप्त है। यह धरा महर्षि वशिष्ठ की परम्परा से जुड़ी हुई है। अच्छे लोगां के चुनने के अच्छे परिणाम आते हैं।मखौड़ा धाम, भदेश्वर नाथ धाम तथा तपसी धाम में हो रहे विकास कार्य इसका उदाहरण है। प्रदेश सरकार कर्ण मन्दिर के सौन्दर्यीकरण का कार्य आगे बढ़ाने जा रही है। 84 कोसी परिक्रमा मखौड़ा धाम से प्रारम्भ होती है। प्रदेश सरकार 84 कोसी परिक्रमा की भव्यता में निरन्तर विस्तार कर रही है। इस परिक्रमा का मार्ग अयोध्या धाम के रिंग रोड के रूप में भी काम करेगा।


भदेश्वर नाथ मंदिर में लाखों श्रद्धालु सावन के महीने में सरयू मैया के जल से अभिषेक करते हैं। कभी यह धाम उपेक्षित था, आज इस धाम सहित प्रदेश के लगभग 1,500 मन्दिरों का पुनरुद्धार हो गया है। प्रदेश व लोग वही हैं, सरकार के चेहरे बदले हैं। जैसे अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 06 से 12वीं कक्षा तक श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा दी जा रही है, वैसे ही मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय एक कैम्पस में प्री-प्राइमरी से 12वीं तक की उत्तम शिक्षा का केन्द्र बना है। मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय एक मॉडल बनेगा। हर्रैया में भी मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय बनने जा रहा है। आज उसका भूमि पूजन किया गया है। वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा फर्नीचर आदि सुविधाओं से युक्त प्रत्येक विद्यालय के निर्माण में 27 से 30 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं।

READ ALSO: यूपी वक़्फ़ बोर्ड में हिन्दुओं की एंट्री ‘ऐतिहासिक न्याय’


प्रदेश सरकार द्वारा जरूरमन्दों को निःशुल्क राशन, आवास, शौचालय, 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर आदि सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है। अन्नदाता किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना से आच्छादित हो रहे हैं। किसान, बटाईदार तथा उनके परिवार के सदस्यों को आपदा का शिकार होने पर 24 घण्टे के अन्दर मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अन्तर्गत 05 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाते हैं। जनपद बस्ती के किसान भी इन योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं।


जब अयोध्या से सरयू मैया से जल लेकर लोग भदेश्वर नाथ धाम तक जलाभिषेक करने जाते हैं, तो प्रदेश सरकार द्वारा उन पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करायी जाती है। पिछली सरकारों ने यहां कावड़ यात्रा पर रोक लगा दी थी। डबल इंजन सरकार विरासत और विकास के कार्यक्रम के साथ अनवरत रूप से आगे बढ़ रही है। विकास, सुशासन, युवाओं के हित, बहन-बेटियों के सम्मान तथा अन्नदाता किसानों की खुशहाली के लिए प्रदेश सरकार हर सम्भव कदम उठा रही है। जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त प्रस्तावों को आगे बढ़ा रही है।


यहां लोकार्पित परियोजनाओं में चौधरी चरण सिंह अयोध्या पम्प हाउस विक्रम जोत में स्थापित विद्युत/यांत्रिक उपकरणों का आधुनिकीकरण, राजकीय पॉलिटेक्निक हर्रैया, इन्द्रासन सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय महाविद्यालय पचवस में विज्ञान संकाय का निर्माण कार्य, 100 शैय्या महिला चिकित्सालय हर्रैया के आवासीय भवनों का निर्माण, बुधईपुर-महुआपुर-मरवटिया दुर्गा माता मंदिर मार्ग का कि0मी0 0.000 से 10.280 कि0मी0 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, एन0एच0 28 संसारीपुर से गोकुलपुर वाया उमाही रामजानकी मार्ग, मदनापुर महादेव मंदिर, मखौड़ा धाम से नेवादा गोण्डा बॉर्डर मार्ग का 4.50 कि0मी0 लम्बाई में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, चौबीसवां रग्घूपुर से निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक से मखौड़ा धाम मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण सम्मिलत हैं।


अन्य लोकार्पित परियोजनाओं में पुत्रेष्टि यज्ञ स्थल मखौड़ा धाम बेरता होते हुए नेवादा गोण्डा बॉर्डर तक मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, परसरामपुर श्रीनगर (गोण्डा बॉर्डर मार्ग) का कि0मी0 0.00 से 10.37 कि0मी0 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, परसा परसरामपुर से श्रृगीनारी होते हुए मडरिया स्वामी नारायण छपिया स्थल तक मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, तहसील हर्रैया में घाघरा नदी के बायें तट पर स्थित विक्रमजोत धुसवा तटबंध तथा लोलपुर विक्रमजोत तटबंध के सुरक्षार्थ निर्माण कार्य, विकास खण्ड दुबौलिया में बाढ़ शरणालय का निर्माण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हर्रैया में छात्रावास का निर्माण, मनवर नदी के तट पर स्थित समय माता मंदिर, ग्राम लजघटा की रिटेनिंग वॉल एवं घाट का निर्माण, विकासखण्ड परसरामपुर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का निर्माण आदि सम्मिलित हैं।


मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां शिलान्यास की गई परियोजनाओं में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, हर्रैया, छावनी चन्द्रपलिया शंकरपुर मार्ग के अवशेष भाग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण स्टेडियम, ग्राम पंचायत धरमपुर का निर्माण कार्य, जनपद बस्ती में चौधरी चरण सिंह अयोध्या पम्प नहर प्रणाली की मुख्य नहर, शाखा नहर तथा राजबाहों की पुनर्स्थापना, राजकीय आई0टी0आई0 हर्रैया में आधुनिक कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कक्ष, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परसरामपुर में एकेडमिक ब्लॉक व हॉस्टल तथा हर्रैया और विक्रमजोत के विद्यालयों में छात्रावास की बाउण्ड्री वॉल शामिल हैं।


शिलान्यास की गई अन्य परियोजनाओं में नगर पंचायत हर्रैया में गौशाला का निर्माण, गोटवा चिलमा ऊंजी वाया उमरिया मार्ग का कि0मी0 0.00 से 10.00 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, पैकोलिया शिवाघाट मार्ग का चैनेज 0.00 से 9.38 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, ललहवा से बाबा राम निहालदास मंदिर मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, चौधरी चरण सिंह अयोध्या पम्प नहर प्रणाली की 04 अल्पिकाओं का पुनरुद्धार एवं नहरी भूमि का सीमांकन कार्य, बाबा भारीनाथ शिव स्थल का पर्यटन विकास कार्य आदि सम्मिलित हैं।


जनपद बस्ती के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विगत 09 वर्षां में उत्तर प्रदेश का कायाकल्प हो चुका है। वर्ष 2017 से पूर्व तथा पश्चात के उत्तर प्रदेश में स्पष्ट अन्तर दिखायी दे रहा है। प्रदेश में वर्ष 2017 से पूर्व मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। आज प्रदेश की 25 करोड़ आबादी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव प्राप्त कर रही है। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, विधायक अजय सिंह, दूधराम, उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button