जौनपुर:चीनी के दाम पर Facebook पोस्ट पड़ा भारी! लेखपाल निलंबित

चीनी के दामों पर फेसबुक पोस्ट करना लेखपाल को पड़ा भारी, जौनपुर में निलंबन

जौनपुर। शाहगंज तहसील में तैनात लेखपाल को चीनी के बढ़ते दामों को लेकर फेसबुक पर पोस्ट करना भारी पड़ गया। प्रशासन ने सोशल मीडिया पोस्ट का संज्ञान लेते हुए लेखपाल अशोक कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कार्रवाई के बाद तहसील प्रशासन में हलचल मच गई है।

चीनी के बढ़ते दामों पर की थी फेसबुक पोस्ट

अशोक कुमार यादव तहसील शाहगंज में लेखपाल के पद पर तैनात हैं और ग्राम बारा के हल्का इंचार्ज हैं। बताया गया कि उन्होंने सोमवार को चीनी के बढ़ते दामों को लेकर फेसबुक पर एक पोस्ट किया था। पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद प्रशासन की ओर से लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की गई और उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए गए।

लेखपाल बोले- मैं दो दिन से छुट्टी पर हूं

निलंबन की कार्रवाई के बाद जब लेखपाल अशोक कुमार यादव से दूरभाष पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वह पिछले दो दिनों से छुट्टी पर हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने निलंबन के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। वहीं, मामले को लेकर एसडीएम अंकुर कुमार वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह निरीक्षण में व्यस्त होने के कारण उपलब्ध नहीं हो सके।

तहसीलदार ने निलंबन की पुष्टि की

तहसीलदार सौरभ कुमार ने बताया कि सरकारी कर्मचारी द्वारा सोशल मीडिया पर शासन की नीतियों को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने पुष्टि की कि एसडीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रशासन की नजर

इस कार्रवाई के बाद सरकारी कर्मचारियों की सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी सेवा में रहते हुए शासन की नीतियों को लेकर सोशल मीडिया पर की जाने वाली टिप्पणियों को गंभीरता से लिया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button