गांव-गांव पहुंचेगी मोबाइल हेल्थ यूनिट, विशेषज्ञों की निगरानी में मिलेगा इलाज। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हिंदुजा मोबाइल हेल्थ यूनिट्स को किया फ्लैग ऑफ। प्रदेश के हर व्यक्ति को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता।
लखनऊ। प्रदेश में ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए मोबाइल हेल्थ यूनिट्स की शुरुआत की गई। शुक्रवार को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन, उत्तर प्रदेश शासन और पीडी हिंदुजा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक द्वारा हिंदुजा मोबाइल हेल्थ यूनिट्स को फ्लैग ऑफ किया गया। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने ‘सेविंग लाइव्स एंड बिल्डिंग ए हेल्थियर भारत’ राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत भी की।
शहीद पथ स्थित लोहिया संस्थान के मातृ एवं शिशु रेफरल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मोबाइल हेल्थ यूनिट्स के जरिए ऐसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर रहेगा, जहां लोगों को जांच और उपचार के लिए दूर अस्पतालों तक जाना पड़ता है। यूनिट्स के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, बीमारियों की पहचान और जरूरी चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि हमारा खास फोकस महिला और शिशुओं के स्वास्थ्य पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों समेत गंभीर या जटिल बीमारी के मामलों में मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जाएगा।समारोह में स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की ओर से उत्तर प्रदेश में मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य कल्याण पहल का भी शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं और किशोरों से जुड़ी स्वास्थ्य जरूरतों पर विशेष ध्यान देना है। कार्यक्रम में सेशेल्स गणराज्य में भारत की उच्चायुक्त हैरीसोया लतियाना, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मनोज कुमार सिंह, हिंदुजा ग्रुप के ग्रुप प्रेसिडेंट डॉ. एसके चड्ढा, आरएमएलआईएमएस निदेशक प्रो. सीएम सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग और हिंदुजा समूह के अधिकारी मौजूद रहे।



