झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना का विकास किए जाने का प्रस्ताव स्वीकृत

मंत्रिपरिषद ने बीडा क्षेत्र, डिफेन्स कॉरिडोर तथा जनपद झांसी के समीप महत्वपूर्ण स्थलों तक प्रदेश एवं देश के अन्य क्षेत्रों से सुरक्षित एवं दु्रतगति से यातायात आवगमन हेतु झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना का विकास किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। यह लिंक एक्सप्रेस-वे बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के चैनेज 170$300 (ग्राम फूलपुरा जनपद जालौन के निकट) वाया डिफेन्स कॉरिडोर नोड, गरौठा के निकट से प्रारम्भ होकर उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर (राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-44) पर अम्बाबाई, जनपद झांसी पर समाप्त होगा।


परियोजना की लम्बाई 106.30 कि0मी0 प्रस्तावित है। लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य हेतु राज्य सरकार की सम्भावित व्यय भार लागत 7968.30 करोड़ रुपये आंकलित की गयी है। केन्द्र सरकार द्वारा किसी प्रकार की भागीदारी अपेक्षित/प्रस्तावित नहीं है। परियोजना को ई0पी0सी0 (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेण्ट एवं कन्सट्रक्शन) पद्धति पर विकसित किया जाएगा। परियोजना से आच्छादित जनपदों में जालौन (तहसील सदर, उरई) एवं झांसी (तहसील गरौठा, टहरौली, मोठ एवं झांसी प्रथम) शामिल हैं।


परियोजना हेतु 110 मी0 चौड़ाई का राइट ऑफ वे (आर0ओ0डब्ल्यू0) प्रस्तावित किया गया है, अर्थात 110 मी0 चौड़ाई में भूमिक्रय/अधिग्रहण किया जाएगा। एक्सप्रेस-वे का निर्माण प्रवेश नियंत्रित ग्रीनफील्ड 06 लेन (08 लेन विस्तारणीय) में किया जाना प्रस्तावित है। सभी संरचनाएं 08 लेन चौड़ाई हेतु निर्मित की जाएंगी। एक्सप्रेस-वे का निर्माण 120 कि0मी0/घण्टा डिजाइन स्पीड हेतु प्रस्तावित है।


एक्सप्रेस-वे के अन्तर्गत 03 दीर्घ सेतु, 39 लघु सेतु, 06 फ्लाईओवर, 02 रेलवे उपरिगामी सेतु, 71 अण्डरपास एवं 165 पुलियों का निर्माण प्रस्तावित है। एक्सप्रेस-वे को क्रॉस करने वाले अन्य मार्गों से यातायात आवागमन की सुविधा हेतु 05 स्थानों पर इण्टरचेंज का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। यात्रियों की सुविधा के लिए 02 जन सुविधा परिसर का निर्माण किया जाएगा। एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर आवश्यकतानुसार स्टैगर्ड रूप में सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर आर0सी0सी0 पैनल वॉल द्वारा फेन्सिंग का कार्य प्राविधानित है। परियोजना को 02 पैकेजों में निर्मित किया जाना प्रस्तावित है।

Related Articles

Back to top button