पटना में हुआ मनोज बाजपेयी और अदा शर्मा स्टारर फिल्म “गवर्नर” की स्पेशल स्क्रीनिंग, दर्शकों ने की फिल्म की सराहना।
राजधानी पटना में मशहूर फिल्म अभिनेता मनोज बाजपेयी और केरला स्टोरी फेम अदा शर्मा अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म “गवर्नर” की स्पेशल स्क्रीनिंग का आयोजन सीने पॉलिस में किया गया। स्क्रीनिंग में फिल्म से जुड़े कलाकारों, सिनेमा प्रेमियों और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। फिल्म देखने के बाद दर्शकों ने इसकी कहानी, निर्देशन और कलाकारों के अभिनय की जमकर प्रशंसा की।
भारत के 1990 के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म उस दौर की कहानी को सामने लाती है, जब देश आर्थिक चुनौतियों, महंगाई, ईंधन संकट और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा था। फिल्म में एक ऐसे ईमानदार और जिम्मेदार अधिकारी रमन की कहानी दिखाई गई है, जिन्हें अचानक भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर की जिम्मेदारी मिलती है और उन्हें देश को बड़े आर्थिक संकट से बाहर निकालने की चुनौती का सामना करना पड़ता है।
स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म की सराहना करते हुए दर्शकों ने कहा कि “गवर्नर” केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि देश के इतिहास के उस महत्वपूर्ण दौर की झलक है, जिसे नई पीढ़ी को जानना चाहिए। फिल्म के विजुअल्स, 90 के दशक का माहौल और घटनाओं का प्रस्तुतीकरण काफी प्रभावशाली है।

फिल्म के निर्देशन की भी विशेष प्रशंसा की गई। दर्शकों का कहना था कि निर्देशक ने उस समय के सामाजिक और आर्थिक माहौल को बेहद वास्तविक तरीके से पर्दे पर उतारा है। मनोज बाजपेयी के अभिनय को लेकर कहा गया कि उन्होंने अपने किरदार में गहराई और संवेदनशीलता भर दी है। उनकी खामोश अभिव्यक्ति और अभिनय की शैली फिल्म की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है।
अदा शर्मा के प्रदर्शन की भी तारीफ हुई। दर्शकों के अनुसार फिल्म युवाओं, खासकर नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है क्योंकि यह बताती है कि कई ऐसे लोग भी देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जो हमेशा सामने नहीं दिखाई देते। “गवर्नर” उन अनदेखे नायकों की कहानी है, जिनके फैसले देश की दिशा तय करते हैं। फिल्म शुक्रवार 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है और उम्मीद है कि इसे दर्शकों का अच्छा प्यार मिलेगा।



