सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं:पीसी मीणा

महानिदेशक कारागार ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश। सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई। जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। क्रियाशील बैरकों की सीसीटीवी कैमरों से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

राकेश यादव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं पी.सी. मीणा ने बुधवार को कारागार विभाग के समस्त उप महानिरीक्षकों, वरिष्ठ अधीक्षकों, अधीक्षकों एवं प्रभारी अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की गई। इसमें प्रदेश के सभी कारागार उपमहानिरीक्षक मुख्यालय में बैठक में भौतिक रूप से उपस्थित रहे।

पी.सी. मीणा

बैठक में कारागार अधीक्षक स्तर पर लंबित विभागीय कार्यवाहियों एवं शिकायतों, विशेषकर मानवाधिकार से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए महानिदेशक ने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महानिदेशक ने बंदियों के आत्महत्या एवं पलायन जैसी घटनाओं की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी कारागारों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संवेदनशील स्थान को सीसीटीवी निगरानी के दायरे में लाया जाए तथा सभी क्रियाशील बैरकों की सीसीटीवी कैमरों द्वारा प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही मेन वाल वायर फेंसिंग, अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा मुख्यालय स्थित वीडियो वॉल के माध्यम से जार्विस प्रणाली से की जा रही सतत निगरानी की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कारागारों में मासिक अलार्म अभ्यास, आदर्श कारागारों में बंदियों के स्थानांतरण की अद्यतन स्थिति, वार्षिक अनुरक्षण हेतु उपलब्ध कराए गए बजट के उपयोग, महिलाओं के साथ रह रहे बच्चों के कल्याण के लिए जनपद स्तरीय बैठकों की प्रगति, निरुद्ध दिव्यांग बंदियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र निर्गत कराने की कार्यवाही तथा मृतक आश्रितों की अनुकम्पा नियुक्तियों से संबंधित प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

महानिदेशक ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक कारागार कुंतल किशोर, प्रदीप गुप्ता, सुभाष चंद्र शाक्य, राजेश श्रीवास्तव, उपमहानिरीक्षक कारागार पी.एन. पाण्डेय तथा वरिष्ठ अधीक्षक रंग बहादुर पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button