सपा सरकार के दौरान दलितों का हुआ उत्पीड़न:अनिल राजभर

  • ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन से बीजेपी को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला, 2027 में फिर बनेगी NDA सरकार।
  • अखिलेश यादव घबराहट और अविश्वास के शिकार, 27 में सपा का होगा बुरा हाल।
  • ‘सपा में मतभेद चरम पर, हर नेता अलग-अलग बयान दे रहा’, मंत्री अनिल राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला
  • सपा सरकार के दौरान दलितों का हुआ उत्पीड़न, जमीनों पर किए गए कब्जे।

दूसरों को राय देने से पहले अखिलेश यादव अपना आचरण सुधारें,लोगों को अपमानित करना अखिलेश यादव की फितरत: भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल

लखनऊ। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ को लेकर कहा कि इससे भाजपा के चुनावी अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनने जा रही है। वहीं, यूपी भाजपा की उपाध्यक्ष पूजा पाल ने कहा कि अखिलेश यादव को अपना आचरण सुधारने की जरूरत है। वो हमेशा दूसरों को अपमानित करते हैं।

अनिल राजभर ने कहा कि भाजपा ने जमीन पर चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जनता का जिस तरह समर्थन मिल रहा है, उससे स्पष्ट है कि पार्टी को किसी नए गठबंधन से चुनौती नहीं मिलने वाली। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अविश्वास के शिकार हैं। उनकी पार्टी में इस वक्त भयानक असंतोष है। यही वजह है कि सपा के नेता अलग-अलग बयान दे रहे हैं। सपा को पहले अपनी पार्टी को संभालने पर ध्यान देना चाहिए।

सपा राज में सबसे ज्यादा दलितों का शोषण हुआ

अनिल राजभर ने कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे तब सपा के गुंडे दलितों की जमीनों पर कब्जा करते थे। दलित महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं आम थीं। अखिलेश यादव खुद अपने मंत्री आजम खान से अंबेडकर जी को भूमाफिया कहलवाते थे। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपनी पार्टी के शासनकाल और नेताओं के बयानों पर भी विचार करना चाहिए।

पहले अपना आचरण देखे अखिलेश यादव


पूजा पाल ने कहा कि अखिलेश यादव को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपना आचरण देखना चाहिए। अखिलेश यादव ने पत्रकारों, पुलिसकर्मियों और दलित समाज के लोगों को कई बार अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी वर्गों के लिए काम किया है और सरकार सभी को साथ लेकर चल रही है।

Related Articles

Back to top button