- मुख्यमंत्री ने जनपद आजमगढ़ में विधान सभा सदर आजमगढ़ तथा मुबारकपुर की 955 करोड़ रु0 लागत की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
- हम सभी गौरवशाली, क्योंकि हम प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में नए भारत का दर्शन कर रहे।
- भारत के लोगों को प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व पर गौरव की अनुभूति हो रही, हमारा देश नये भारत के रूप में अपनी कीर्ति विस्तारित कर रहा।
- नया भारत वैश्विक व ऊर्जा संकट में भी अपने लोगों को बचा रहा, पूरी दुनिया त्रस्त, लेकिन भारत अनवरत रूप से विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहा।
- आजमगढ़ का गौरवशाली इतिहास, भंवरनाथ एवं महाराजा सुहेलदेव की पावन धरा ने सन्तों, ऋषि-मुनियों की साधना से प्रत्येक कालखण्ड में देश को नई दिशा प्रदान की।
- भारत के अमर सेनानी व राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रान्ताओं को नेस्तानाबूत किया।
- स्वतंत्र व नया भारत गुलामी के किसी भी प्रतीक व चिन्ह को स्वीकार नहीं करेगा, बहराइच में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बना।
- आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर भव्य विश्वविद्यालय का निर्माण किया गया, इस विश्वविद्यालय में उनकी भव्य प्रतिमा की स्थापना की जाएगी।
- आजमगढ़ में एयरपोर्ट तथा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सुविधा, यहां से प्रदेश के अन्य शहरों तक जाने के लिए फोर-लेन कनेक्टिविटी।
- ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ के माध्यम से यहां की ब्लैक पॉटरी को प्लेटफॉर्म मिला, वाराणसी की साड़ी को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही।
- प्रत्येक जरूरतमन्द को शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव प्रदान किया जा रहा।
- आजमगढ़ में फिल्मों की शूटिंग की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि युवाओं को कला से जोड़ा जा सके।
- नए भारत के साथ नया उ0प्र0 प्रगति के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ रहा।
- हरिहरपुर की धरा को विकास पथ पर आगे बढ़ाते हुए, वहां के नवोदित कलाकारों को मंच देना आवश्यक।
- आजमगढ़ विकास प्राधिकरण के माध्यम से यहां की पुरानी जेल को अच्छे कन्वेंशन सेन्टर के रूप में आगे बढ़ाने के लिए एक व्यापक कार्य योजना बनानी चाहिए।
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद आजमगढ़ में विधानसभा सदर आजमगढ़ और मुबारकपुर क्षेत्र के लिए 955 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भारत के साथ नया उत्तर प्रदेश भी विकास की नई ऊंचाइयों की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से बदल रहा है और भारत विश्व स्तर पर अपनी नई पहचान बना रहा है। वैश्विक चुनौतियों और ऊर्जा संकट के बीच भी भारत अपनी विकास यात्रा को लगातार आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने आजमगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह धरती संतों, ऋषि-मुनियों, साहित्यकारों और वीर योद्धाओं की भूमि रही है। महाराजा सुहेलदेव के शौर्य और पराक्रम को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आजमगढ़ में उनके नाम पर बने विश्वविद्यालय में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजमगढ़ में एयरपोर्ट, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और बेहतर फोर-लेन कनेक्टिविटी से विकास को गति मिली है। तेज कनेक्टिविटी से रोजगार, उद्योग और व्यापार के नए अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के माध्यम से आजमगढ़ की प्रसिद्ध ब्लैक पॉटरी और क्षेत्रीय उत्पादों को नई पहचान मिल रही है। हरिहरपुर की संगीत परंपरा और स्थानीय कलाकारों को भी आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव हर जरूरतमंद तक पहुंचाया जा रहा है। गरीबों के लिए आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आजमगढ़ में फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने, युवाओं को कला से जोड़ने और पुरानी जेल को आधुनिक कन्वेंशन सेंटर के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने की बात कही।कार्यक्रम में पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



