अखिलेश यादव ने भाजपा की पदयात्रा को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता संरक्षण में भाजपा की पदयात्राओं से लखनऊ और कानपुर में ट्रैफिक अराजकता फैली, जिससे आम जनता और मरीजों को भारी परेशानी हुई। अखिलेश ने भाजपा को कानून और संविधान विरोधी बताते हुए कहा कि जनता अब भाजपा का काम-तमाम कर देगी।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ करने वाली भाजपा पदयात्रा के नाम पर सत्ता संरक्षण में पूरे प्रदेश में अराजकता फैला रही है। भाजपा की पदयात्रा ने लखनऊ में ‘ट्रैफिक अराजकता’ फैलाकर आम लोगों के साथ-साथ मरीजों को जो तकलीफ पहुँचाई है, लखनऊ वासी उससे बेहद खफा हैं। इसी तरह से भाजपा ने त्योहारी सीजन में कानपुर में पदयात्रा करके पहले से ही जाम से परेशान कानपुर शहर में अराजकता फैलाने का काम किया। एक तो ‘कानपुर’ पहले से ही जाम की समस्या से जूझ रहा है ऊपर से ‘भाजपाई पदयात्रा’ ने जाम कर दिया है। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की जनता को दुख और परेशानी के सिवा कुछ नहीं दिया है. भाजपा कानून और संविधान विरोधी है। अब जनता भाजपा का काम-तमाम कर देगी । उन्होंने कहा कि भाजपा ही अराजकता है। यहां सत्ता में बैठकर राज करने वाले ही अराजक हो गए हैं।
भाजपा झूठी और धोखेबाज पार्टी है। भाजपा को किसानों, नौजवानों, व्यापारियों किसी के दुख और परेशानी से कोई मतलब नहीं है। भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए किसी हद तक गिर सकती है वह सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा के पास चरम पर पहुंच चुकी महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अन्याय, अत्याचार का कोई जवाब नहीं है। इसीलिए सड़क पर उतर कर जनता को भ्रमित कर रही है। 10 साल की सरकार के बावजूद भाजपा के पास जनता को बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है। भाजपा ने सरकार में रहकर सिर्फ बजट की लूट और भ्रष्टाचार किया है। अपने राजनीतिक विरोधियों के साथ बदले की भावना से अन्याय, अत्याचार किया है। वोट चोरी, चंदा चोरी और चढ़़ावा चोरी किया है। समाज में नफरत फैलाने का काम किया है। किसानों, नौजवानों, छात्रों, कर्मचारियों का शोषण किया है। स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था को बर्बाद किया है। प्रदेश की जनता सड़कों पर भाजपाई अराजकता को देख रही है। जनता भाजपा को विधानसभा चुनाव में वैसे ही सबक सिखाएगी जैसे 2024 के लोकसभा चुनाव में और 2026 के विधानसभा चुनाव में हराया है। प्रदेश की जनता लाठी बांटने वालों को नहीं, लैपटॉप बांटने वालों को चुनेगी। दकियानूसी, पुरातनपंथी, संकीर्ण मानसिकता वाले, दरारजीवी, षड्यंत्रकारी इस बार हमेशा हमेशा के लिए हारेंगे।



