
एमडीए में 40% ब्लाक सीतापुर व फतेहपुर
के, सभी जरूर खाएं फाइलेरिया रोधी दवा
• सर्वजन दवा सेवन अभियान का सीतापुर से शुभारंभ, नवागत डीएम ने दवा खाकर दिलाया भरोसा
• शाहजहांपुर, फतेहपुर में विधायकों ने दवा खाकर किया अभियान का शुभारंभ
लखनऊ। प्रदेश से फाइलेरिया उन्मूलन के लिए 16 जनपदों में सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान शुरू हुआ। सीतापुर में इस अभियान का स्टेट लांच हुआ जिसमें सीतापुर व फतेहपुर में 40 प्रतिशत ब्लाक होने पर चिंता जताई गई और दोनों जिलों में शत प्रतिशत लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का संकल्प लिया गया।
सीतापुर के परसेंडी ब्लाक स्थित श्री कृष्ण कालेज आफ फार्मेसी में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने स्वयं दवा खाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि अगर रामपुर फाइलेरिया मुक्त हो सकता है तो सीतापुर या कोई और जनपद क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि जरूरत बस संकल्प की है। आइए हम सब संकल्प लेते हैं कि इस बार शत प्रतिशत पात्र लोग दवा खाएंगे।
राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ एके चौधरी ने बताया कि इस बार एमडीए सीतापुर, फतेहपुर, कानपुर समेत 16 जिलों के 53 ब्लाक में चलाया जा रहा है। इनमें से फतेहपुर के 11 ब्लाक एवं सीतापुर के 10 ब्लाक शामिल हैं। इसलिए सीतापुर के लोगों को इसपर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। जिले के सभी पात्र लोग दवा खाएं। अपने परिवारवालों को खिलाएं एवं आसपास के लोगों को दवा खाने के लिए प्रेरित करें। उद्घाटन समारोह में अंतरराष्ट्रीय संस्था (ईसाई – EiSAI) व गेट्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। टीम ने राही गांव का भ्रमण भी किया।
फतेहपुर में विधायक विकास गुप्ता ने स्वयं दवा खाकर एमडीए अभियान का शुभारंभ किया। शाहजहांपुर के तिलहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में विधायक सलोना कुशवाहा ने अभियान में अपनी भागीदारी की। उन्नाव में एसडीएम शालिनी तोमर ने फाइलेरियारोधी दवा का सेवन कर अभियान के प्रति विश्वास दिखाया। इस अवसर पर दिल्ली से आए नेशनल सेंटर फॉर वेक्टर बोर्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम के उप सचिव दीप पंत ने भी दवा का सेवन किया और जनसमुदाय से अभियान के दौरान दवा खाने की अपील की। टीम ने एमडीए की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सीएचसी हसनगंज और मौला बाकीपुर गांव का भ्रमण भी किया। कानपुर के बिधनू ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार कोरी ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा खाकर किया। हरदोई में सांडी ब्लाक के प्रमुख अनिल सिंह राजपूत ने दवा खाई और लोगों से दवा खाने की अपील की।



