25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ। 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की घोषणा की।
लखनऊ। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत मुख्यमंत्री योगी ने राजधानी लखनऊ में 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी 26 जनवरी तक प्रदेश के एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई है। सरकार युवाओं को रोजगार देने के साथ उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी लगातार काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि टैबलेट को केवल मनोरंजन का साधन न बनाएं, बल्कि इसे ज्ञान, नवाचार और अपने भविष्य को सुरक्षित करने की कुंजी बनाएं।
टैबलेट में मिलेंगे 18 हजार से अधिक निशुल्क कोर्स, AI और डीप टेक की भी पढ़ाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वितरित किए जा रहे टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसमें योग, गणित, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डीप टेक और अन्य आधुनिक विषयों की पढ़ाई की सुविधा मिलेगी।
READ ALSO : परीक्षाओं की दस्तक: अब मेहनत का समय
टैबलेट में युवा साथी ऐप भी उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से छात्र-छात्राएं केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसमें छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम इंटर्नशिप, सीएम इंटर्नशिप, सीएम युवा और पीएम मुद्रा योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़कर देश-दुनिया की जानकारी हासिल करनी चाहिए और अपनी क्षमता एवं कौशल को लगातार विकसित करना चाहिए। सरकार ने युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
सपा सरकार में भर्ती निकलते ही वसूली के लिए निकलती थी चाचा-भतीजे की जोड़ी: योगी
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद से प्रभावित थी। भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। बिना खर्ची-पर्ची नौकरी मिलना मुश्किल था।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस समय परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे को मिल जाता था। सैफई सिंडिकेट के माध्यम से भर्तियों में गड़बड़ियां की जाती थीं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने ऐसी अनियमित नियुक्तियों को निरस्त किया और अब प्रदेश में पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ भर्ती प्रक्रिया संचालित हो रही है।
योगी ने बताया कि शिक्षा विभाग में 3,568, पंचायती राज विभाग में 1,375, कुशल खिलाड़ियों के तहत 470, फॉरेंसिक साइंस में 28, पुलिस विभाग में 4,543 और राजस्व विभाग में 1,146 नियुक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार लगातार रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा 8,000 लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी। उन्होंने अगले दस दिनों में होमगार्ड अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किए जाने की बात भी कही।
‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति ने उत्तर प्रदेश की पहचान बदल दी है। अब प्रदेश में कानून का राज है। उन्होंने कहा, ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा।’ जो माफिया थे, वे मिट्टी में मिल गए और दंगाई दुबक गए। पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज प्रदेश देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की 25 करोड़ से अधिक आबादी को पिछली सरकारें बोझ मानती थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे डेमोग्राफिक डिविडेंड के रूप में देखा और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए।

नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें युवा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से नौकरी तलाशने के साथ उद्यमिता और स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित करने जा रही है। बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ क्षेत्रफल में औद्योगिक शहर विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन का 55 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट की 60 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग प्रदेश में हो रही है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में महज 120 स्टार्टअप थे, जबकि आज इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है।
सीएम युवा योजना के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे अपना उद्यम शुरू कर सकें और दूसरों को भी रोजगार दे सकें। मुख्यमंत्री ने एचसीएल की लखनऊ यूनिट का उदाहरण देते हुए बताया कि वर्ष 2017 में वहां लगभग 100 लोग कार्यरत थे, जबकि आज 18 हजार युवा काम कर रहे हैं।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर युवाओं को दिया राष्ट्रसेवा का संदेश
जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महज 25 वर्ष की उम्र में बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिला दी थीं। उन्होंने मातृभूमि, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत के सबसे बड़े आध्यात्मिक युवा आइकॉन हैं। उन्हीं के नाम पर युवा सशक्तीकरण अभियान शुरू किया गया। 25 दिसंबर 2021 को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर इस योजना की शुरुआत हुई थी। पहले चरण में 60 लाख विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने युवाओं को भगवान राम, भगवान कृष्ण, महात्मा बुद्ध, आदि शंकराचार्य, गुरु गोविंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और चंद्रशेखर आजाद जैसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील
मुख्यमंत्री ने उन युवाओं से विशेष अपील की, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी युवा अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। मतदाता बनना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी है। युवाओं को अपने संवैधानिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब रूल ऑफ माफिया नहीं, बल्कि रूल ऑफ लॉ है। सुरक्षा, निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसरों का विस्तार ही युवाओं के सशक्तीकरण का आधार है। युवाओं को उपलब्ध कराया जा रहा टैबलेट इसी बदलाव को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, योगेंद्र उपाध्याय, सुनील कुमार शर्मा, दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी एवं रजनी तिवारी, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयप्रकाश सैनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



