पापी बैठे मंच पर, संत हुए लाचार। सच्चाई को ढूँढ़ता, भटक रहा संसार॥
दौलत के बाजार में, बिकता हर किरदार। कुछ सिक्कों में बिके, रिश्ते और विचार॥
जिनको हमने मानकर, सौंपा था अधिकार। वही लूटने आ गए, अपना ही घर-बार॥
मीठी वाणी बोलकर, करते दिल पर वार। ऐसे चेहरों ही करें, रिश्तों का व्यापार॥
दर्पण से डरने लगे, झूठे पहरेदार। अपने चेहरे देखना, उनको लगे बेकार॥
ज्ञान बाँटते फिर रहे, जिनके मन अंधकार। खुद के भीतर झाँकने, से करते इंकार॥
सत्ता के गलियार में, बिकता न्याय विचार। निर्धन की आवाज़ का, कौन बनेगा यार॥
पैर छुए अपराध के, संत बने गद्दार। देख तमाशा जग करे, कैसा है दरबार॥
कल तक जो थे आम से, आज बने सरकार। भूल गए संघर्ष को, भूल गए उपकार॥
—– डॉ. प्रियंका सौरभ



