अखिलेश ने लांस नायक राम भुवाल को शाल ओढ़ाकर किया सम्मानित। सपा कार्यालय में कारगिल युद्ध के वीर सपूतों को दी गई श्रद्धांजलि।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में आए पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। उन्होंने इस अवसर पर कारगिल युद्ध में अपने दोनों पैर गंवाने वाले सेना की इंजीनियरिंग रेजीमेंट के लांस नायक राम भुवाल को शाल ओढ़ाकर तथा स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया और उन्होंने कारगिल युद्ध के वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि दी।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज हम जहां कारगिल दिवस पर सेना के शौर्य को याद कर रहे है साथ ही संविधान मानस्तंभ दिवस मना रहे है। सामाजिक न्याय की भावना को आरक्षण के रूप में इसी दिन अमल में लाया गया था। उन्होंने कहा कि 26 जुलाई भारतीय इतिहास का गौरवशाली दिन है। श्री यादव ने समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ के पूर्व सैनिकों को बधाई देते हुए कहा कि अपनी जान की परवाह किए बिना फौज हमारी सीमाओं की रक्षा करती है। सीमाओं पर सदैव खतरा रहता है। कई बार सीमा पर सैन्य गतिविधियों की चर्चा नहीं होती है।
उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि सन् 2014 से पहले और आज हमारे देश का क्षेत्रफल क्या है? हम चाहते हैं कि हमारा क्षेत्रफल वही बना रहे जो आजादी के समय था। डॉ. राममनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव हमेशा सीमाओं का सवाल उठाते थे। हम कारगिल का युद्ध अपनी फौज के शौर्य की वजह से जीते है। फौज ने हमारी सीमाओं की रक्षा की। उन्होंने कहा कि हमें अपनी फौज पर गर्व है।


