
राजू यादव
लखनऊ के विकासनगर अग्निकांड पर एक स्पेशल रिपोर्ट… एक ऐसी घटना… जिसने सैकड़ों जिंदगियों को पल भर में राख में बदल दिया… और पीछे छोड़ गई दर्द, आंसू और कई अनकही सच्चाइयां……….15 अप्रैल की शाम लखनऊ के विकासनगर में जो हुआ… वो सिर्फ आग नहीं थी… वो सैकड़ों जिंदगियों का जलता हुआ सपना था। राख के ढेर में बर्तन खोजते लोग… भूखे बच्चों की आंखों में डर… और एक मां… जिसकी गोद हमेशा के लिए सूनी हो गई… लेकिन सवाल ये है — क्या इस दर्द को किसी ने सच में सुना?
एक चिंगारी ने ऐसा रूप लिया कि देखते ही देखते 250 से ज्यादा झोपड़ियां आग की लपटों में समा गईं। 30 से ज्यादा गैस सिलेंडर धमाके के साथ फटे… 10 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार… और हर तरफ चीख-पुकार। फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियां… 5 घंटे की कड़ी मशक्कत… तब जाकर आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक… बहुत कुछ खत्म हो चुका था।17 अप्रैल… यानी हादसे के 2 दिन बाद… विकासनगर का नजारा किसी जंग के मैदान से कम नहीं। महिलाएं जले हुए बर्तनों को समेट रही हैं…नहाने तक की प्राइवेसी खत्म हो गई है…एक महिला नहाती है तो दो महिलाएं साड़ी से ढककर उसकी इज्जत बचा रही हैं… भूखे बच्चे… जैसे ही कोई मदद लेकर आता है… लंच पैकेट छीनने लगते हैं… ये सिर्फ गरीबी नहीं… ये सिस्टम की नाकामी की तस्वीर है।
सबसे दर्दनाक कहानी – इस आग में… सिर्फ झोपड़ियां नहीं जलीं… एक मां की दुनिया जल गई… पूनम… जिनकी दो मासूम बेटियां… 2 साल की श्रुति… और 2 महीने की बच्ची… जिंदा जल गईं… पिछले 2 दिनों से पूनम बार-बार बेहोश हो रही हैं… जैसे ही उनसे बात की गई… वो पहले फूट-फूटकर रोईं… और फिर बेहोश हो गईं… सोचिए… उस मां का दर्द क्या होगा… जिसकी गोद में अब सिर्फ राख बची है। हरिराम की कहानी – अधूरे सपने और सिर्फ पूनम ही नहीं… हरिराम की कहानी भी आपको अंदर से हिला देगी… 6 मई को उनकी बेटी की शादी थी। सालों से जोड़ा, सामान, सपने… सब कुछ तैयार था… लेकिन एक ही शाम में… सब कुछ जलकर खाक हो गया। पल भर में शादी की सारी तैयारियाँ जलकर राख हो गईं। यह सिर्फ एक घर का जलना नहीं है, बल्कि एक पिता के उम्मीदों का जलना है, जिसने सालों की जमापूंजी बेटी के सुनहरे भविष्य के लिए लगाई थी। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह कहानी समाज में उन लोगों की स्थिति को दर्शाती है जो अपनी सारी मेहनत बेटी की शादी में लगाते हैं। यह घटना निस्संदेह अंदर तक हिला देने वाली है। अब हाल ये है… बारात आने वाली है… लेकिन घर में देने के लिए कुछ भी नहीं बचा…… ये सिर्फ हादसा नहीं… ये टूटे हुए सपनों की कहानी है।
प्रशासन और सवाल- इस अग्निकांड में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई थी, जिस पर कोर्ट ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। अदालत को जानकारी दी गई कि मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। कोर्ट ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि मुआवजा राशि समय पर और पारदर्शी तरीके से पीड़ित परिवारों तक पहुंचे।सरकार ने 4-4 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया… लोगों को रैन बसेरों में शिफ्ट किया गया… लेकिन सवाल ये है… क्या सिर्फ मुआवजा काफी है? पीड़ितों का कहना है… जहां उन्हें भेजा गया… वहां पानी तक की व्यवस्था नहीं थी… कुछ लोग वापस पैदल लौट आए… क्योंकि डर था — अगर यहां से हट गए… तो जमीन भी खो देंगे।
बड़ा सवाल – सिस्टम पर चोट – क्या हमारी व्यवस्था सिर्फ हादसे के बाद जागती है? क्या गरीबों की जिंदगी की कीमत सिर्फ मुआवजे तक सीमित है? और सबसे बड़ा सवाल… क्या इस दर्द को दबाने की कोशिश की गई? स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ सच्चाइयों को सामने आने से रोका गया… अगर ये सच है… तो ये सिर्फ लापरवाही नहीं… ये इंसानियत के खिलाफ अपराध है।लखनऊ के विकासनगर क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है।
हाईकोर्ट ने इस दर्दनाक घटना को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों की तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने जिला प्रशासन को आदेश दिया है कि प्रभावित लोगों को भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।हाईकोर्ट ने इस मामले में जिला अधिकारी (डीएम), मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और नगर निगम से विस्तृत जवाब मांगा है। कोर्ट ने यह जानना चाहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में इतनी बड़ी आबादी अवैध रूप से बस गई और प्रशासन को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। विशेष रूप से कोर्ट ने यह सवाल उठाया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) की जमीन पर बस्ती कैसे बस गई। कोर्ट ने यह भी पूछा कि जब जमीन सरकारी थी, तो वहां निर्माण और बसावट को रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए।
हाईकोर्ट की सख्ती को एक चेतावनी के रूप में भी देखा जा रहा है। अदालत ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सार्वजनिक सुरक्षा और प्रशासनिक जिम्मेदारी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विकासनगर की ये आग बुझ चुकी है… लेकिन यहां के लोगों के दिल में जो दर्द है… वो शायद जिंदगी भर नहीं बुझ पाएगा… जरूरत है… सिर्फ सहानुभूति की नहीं… बल्कि जिम्मेदारी की अगर आप इस दर्द को महसूस करते हैं… तो इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें… ताकि इन आवाजों को दबाया ना जा सके… क्योंकि… जब तक आवाज उठेगी नहीं… तब तक बदलाव आएगा नहीं…























