- मुख्यमंत्री जनपद वाराणसी में केन्द्र सरकार के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित जन कल्याण शिविर एवं कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
- सम्पूर्ण देश सर्वाधिक लम्बे समय तक नेतृत्व करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री जी के नये रिकॉर्ड से उल्लसित व उत्साहित।
- प्रधानमंत्री जी के 12 वर्षों के सफलतम कार्यक्रमों में एक नई कड़ी जोड़ते हुए आज काशी के स्ट्रीट वेण्डर्स, हस्तशिल्पियों और नये उद्यमियों को सम्मानित किया जा रहा।
- आज पी0एम0 स्वनिधि योजना में वाराणसी के 60,000 स्ट्रीट वेण्डर्स को बैंक ऋण की प्रथम किस्त, 26,800 वेण्डर्स को द्वितीय किस्त और 5,000 स्ट्रीट वेण्डर्स को तृतीय किस्त अपने व्यवसाय को बढ़ाने के लिए दी जा चुकी।
- बदलते हुए भारत में योजनाएँ गरीबों, महिलाओं, युवाओं और अन्नदाता किसानों के लिए समर्पित।
- प्रधानमंत्री जी ने सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए डी0बी0टी0 का प्रयोग किया, इससे योजनाओं की सम्पूर्ण धनराशि सीधे गरीबों के खातों में जाती, यह जन-धन खातों और तकनीक का बेहतरीन समन्वय।
- स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत देश में बड़ा बदलाव हुआ, देश के 12 करोड़ गरीबों को एक-एक शौचालय की सुविधा उपलब्ध करायी गयी।
- प्रधानमंत्री जी ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को हक दिलाने का कार्य किया।
- विगत 12 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से उबारने का कार्य अद्भुत व चमत्कारिक, जिसकी पूरी दुनिया सराहना कर रही।
- देश का पहला इनलैण्ड वॉटर-वे वाराणसी से हल्दिया के बीच संचालित, काशी के प्रोडक्ट को दुनिया के बाजार तक पहुँचाने के लिए इसकी सामर्थ्य को प्रधानमंत्री जी ने पहचाना तथा इसे प्रभावी ढंग से लागू किया।
- आज देश व प्रदेश के लोगों को रेल परिवहन की अत्याधुनिक सुविधा मिल रही, वन्दे भारत, अमृत भारत, नमो भारत के नाम से रेल सेवाएँ संचालित, इन सभी ट्रेनों का निर्माण रायबरेली में हो रहा।
- प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बेटी के जन्म लेने से लेकर उसके विवाह तक की योजनाएँ संचालित।
- मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर एवं श्री कालभैरव मन्दिर में दर्शन-पूजन किया।
वाराणसी/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज बाबा विश्वनाथ धाम में प्रत्येक व्यक्ति अभिभूत और गौरवान्वित महसूस कर रहा है। 12 वर्ष पूर्व नये भारत को नेतृत्व प्रदान करने के लिए वाराणसी ने सांसद के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुना। काशी का नाम देश व दुनिया में गूंज रहा है। सम्पूर्ण देश सर्वाधिक लम्बे समय तक नेतृत्व करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री के नये रिकॉर्ड से उल्लसित व उत्साहित है। प्रधानमंत्री के साथ काशी का नाम भी जुड़ा हुआ है और काशी वासी भी उस उत्साह व उल्लास का हिस्सा हैं।वाराणसी में केन्द्र सरकार के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित जन कल्याण शिविर एवं कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने पी0एम0 स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेण्डर्स को ऋण का प्रतीकात्मक चेक तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं टूलकिट वितरित किए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इस अवसर पर केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि दुनिया का कोई भी राष्ट्राध्यक्ष जब प्रधानमंत्री जी के 12 वर्षों के इस कालखण्ड को देखता है, तो प्रधानमंत्री जी के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और काशीवासियों को भी स्मरण करता है। प्रदेश और काशीवासियों को प्रधानमंत्री जी के परिश्रम और दूरदर्शिता का लाभ प्राप्त होता है। प्रधानमंत्री जी के 12 वर्षों के सफलतम कार्यक्रमों में एक नई कड़ी जोड़ते हुए आज काशी के स्ट्रीट वेण्डर्स, हस्तशिल्पियों और नये उद्यमियों को सम्मानित किया जा रहा है।
हम सभी ने प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में बदलते हुए भारत को देखा है। वर्ष 2014 से पूर्व भारत अव्यवस्था व अविश्वास का शिकार था। भ्रष्टाचार से देश की छवि वैश्विक मंचों पर धूमिल हो रही थी। आन्तरिक व वाह्य सुरक्षा को खतरा था। समाज के प्रत्येक वर्ग में निराशा व हताशा का भाव था। माहौल उद्यमियों के प्रतिकूल था। श्रमिक वर्ग पलायन को मजबूर था। अन्नदाता किसान आत्महत्या करने को विवश था। युवाओं के समक्ष नौकरी व रोजगार का संकट था। महिलाएँ असुरक्षित थीं। प्रदेश के 600 जनपदों में से लगभग 120 जनपद नक्सलवाद से प्रभावित थे।

वर्ष 2014 के बाद बदलते हुए भारत में योजनाएँ गरीबों, महिलाओं, युवाओं और अन्नदाता किसानों के लिए समर्पित हैं। अन्नदाता किसानों, कारीगरों, हस्तशिल्पियों, स्ट्रीट वेण्डर्स, नवजात शिशुओं, उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत युवा स्नातकों, महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों व नौजवानों आदि समस्त वर्गों के लिए योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखने को मिली है। देश में बड़ी संख्या में जन-धन खाते खोले गए। प्रधानमंत्री जी ने सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए डी0बी0टी0 का प्रयोग किया। इससे योजनाओं की सम्पूर्ण धनराशि सीधे गरीबों के खातों में जाती है। यह जन-धन खातों और तकनीक का बेहतरीन समन्वय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी पर प्रत्येक भारतीय गौरव की अनुभूति करता है। स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत देश में बड़ा बदलाव हुआ है। देश के 12 करोड़ गरीबों को एक-एक शौचालय की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। स्वच्छ भारत मिशन ने गंदगी के कारण होने वाली बीमारियों से गरीब बच्चों की मौत पर विराम लगाया है। इससे नारी गरिमा की रक्षा हुई है। देश के 04 करोड़ परिवारों के पास आवास की सुविधा नहीं थी। प्रधानमंत्री जी ने ऐसे लोगों के लिए ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ लागू की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले एक गरीब के बीमार होने पर उसके उपचार का साधन नहीं होता था। गरीबों के पास अच्छे उपचार के लिए पैसे का अभाव था। प्रधानमंत्री जी ने ऐसे लोगों के प्रति संवेदना दिखाते हुए ‘आयुष्मान भारत’ के अन्तर्गत देश के 60 करोड़ लोगों को 05 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य सुविधा कवर प्रदान किया। योजना में सरकारी व निजी अस्पतालों में निःशुल्क इलाज की सुविधा दी गयी। प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ-सबका विकास’ नारे को धरातल पर लागू किया। कोरोना कालखण्ड में दुनिया बीमारी से पस्त थी। इस दौरान प्रधानमंत्री जी ने निःशुल्क टेस्ट, निःशुल्क उपचार तथा निःशुल्क वैक्सीन की सुविधा प्रदान की। ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ के माध्यम से 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा का लाभ दिया गया। इससे दुनिया में कोविड प्रबन्धन का बेहतरीन मॉडल प्रस्तुत हुआ। प्रधानमंत्री जी ने गरीबी देखी है और गरीब की इस पीड़ा को समाप्त करने का सामर्थ्य बाबा विश्वनाथ और माँ गंगा ने उन्हें प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को हक दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने ग्रामीण अभिलेख के माध्यम से घरौनी की योजना प्रारम्भ की। कार्यक्रम के अन्तर्गत 03 करोड़ परिवारों को जहां पर उसका आवास है, वहीं पर मालिकाना अधिकार दिया गया। यह सभी अधिकार महिलाओं को उपलब्ध करवाए गए। ‘लखपति दीदी’ योजना के अन्तर्गत 10 करोड़ महिला स्वयंसेवी समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने का कार्य किया गया। विगत 12 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से उबारने का कार्य अद्भुत व चमत्कारिक है, जिसकी पूरी दुनिया सराहना कर रही है।मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य हुए हैं। 4-लेन की कनेक्टिविटी, जाम की समस्या का समाधान, फ्लाईओवर या रोड ओवर ब्रिज जैसे कार्य तेजी से हुए हैं। जो कार्य काशी में 70 वर्षों में नहीं हो पाए, प्रधानमंत्री जी ने 12 वर्ष में देश, प्रदेश और काशी में करके दिखाया। आज देश में एक्सप्रेस-वे, हाई-वे बन रहे हैं तथा एयर कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। वर्ष 1947 से वर्ष 2014 तक देश में जितने एयरपोर्ट बने थे, प्रधानमंत्री जी के 12 वर्षों के कार्यकाल में उससे दोगुने एयरपोर्ट बने हैं।
मेट्रो की सुविधा पहले देश के केवल 05 शहरों में थी, जो आज 20 शहरों में संचालित है। अकेले उत्तर प्रदेश के 07 शहरों में आज सफलतापूर्वक मेट्रो संचालित हो रही है। देश का पहला इनलैण्ड वॉटर-वे वाराणसी से हल्दिया के बीच संचालित है। यह वॉटर-वे अत्यन्त महत्वपूर्ण है। काशी के प्रोडक्ट को दुनिया के बाजार तक पहुँचाने के लिए इसकी सामर्थ्य को प्रधानमंत्री जी ने पहचाना तथा इसे प्रभावी ढंग से लागू किया। काशी पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा का नया मॉडल बन चुकी है। यहाँ रोपवे का जब लोकार्पण होगा, तब एहसास होगा कैसे यह जीवन को बदलने में सहायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले स्ट्रीट वेण्डरों की स्थिति खराब थी। आज पी0एम0 स्वनिधि योजना में वाराणसी के 60,000 स्ट्रीट वेण्डर्स को बैंक ऋण की प्रथम किस्त, 26,800 वेण्डर्स को द्वितीय किस्त और 5,000 स्ट्रीट वेण्डर्स को तृतीय किस्त अपने व्यवसाय को बढ़ाने के लिए दी जा चुकी है। पहले इन वेण्डर्स के लिए कहीं जगह नहीं थी, जबकि आज नगर निगम और विभिन्न औद्योगिक व सामाजिक संगठन नए वेण्डिंग जोन बनाकर उनके व्यवसाय को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं। यह अत्यन्त अभिनन्दनीय कार्य है। यह तभी सम्भव होता है, जब संवेदना होती है। आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व, विजन और उनकी दूरदर्शी सोच को उनकी टीम यहां लागू कर रही है। आज यहाँ भव्य और विशाल काशी विश्वनाथ धाम तथा नमो घाट है। काशी के चारों ओर से 4-लेन कनेक्टिविटी है। पहले काशी संकरी गलियों के लिए जानी जाती थी। आज काशी व प्रदेश को एक नयी पहचान मिल रही है। काशी का देश व दुनिया में सम्मान है। प्रदेश में हुए परिवर्तन सभी के सामने हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम तथा माँ विन्ध्यवासिनी धाम का निर्माण हो चुका है। 500 वर्षों के इंतज़ार के उपरान्त अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान श्रीरामलला विराजमान हुए हैं। वहाँ भव्य श्रीराम मन्दिर का निर्माण हुआ है। वर्ष 2025 में प्रयागराज में दिव्य एवं भव्य महाकुम्भ का सफल आयोजन सम्पन्न हुआ, जिसमें बहुत बड़ी संख्या में जनसमागम हुआ। काशी में भी उस दौरान एक से डेढ़ महीने तक प्रतिदिन 15 से 20 लाख श्रद्धालु आते थे। आज देश व प्रदेश के लोगों को रेल परिवहन की अत्याधुनिक सुविधा मिल रही है। वन्दे भारत, अमृत भारत, नमो भारत के नाम से रेल सेवाएँ संचालित हैं। इन सभी ट्रेनों का निर्माण रायबरेली में हो रहा है। हमारे रेलवे स्टेशन आज एयरपोर्ट की तरह दिखायी दे रहे हैं। वर्ष 2014 के पहले यह एक सपना था, जो आज हकीकत बन चुका है। आज काशी के घाटों की सुन्दरता को हम अपनी आँखों से देख रहे हैं।
आज आस्था का सम्मान हो रहा है। अर्थव्यवस्था को गति मिली है। कारीगरों, स्ट्रीट वेण्डर्स, युवाओं, महिलाओं के जीवन में आए परिवर्तन को हम सभी देख रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बेटी के जन्म लेने से लेकर उसके विवाह तक की योजनाएँ संचालित हैं। बेटी की पढ़ाई से लेकर उसे आत्मनिर्भर बनाने की व्यवस्था भी प्रधानमंत्री जी ने की है। विधानसभा और लोकसभा, जहाँ कानून बनता है, वहाँ पर भी कम से कम 33 फीसदी महिलाएँ चुनकर जाएं, इसके लिए भी प्राविधान किया गया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में प्रत्येक वर्ग का उत्थान हो रहा है।
आज ऊर्जा का वैश्विक संकट छाया हुआ है। अमेरिका जैसा देश, जो दुनिया की सबसे बड़ी सामरिक ताकत है, वहाँ महँगाई लगभग चार गुना बढ़ी है। दुनिया के अन्य देशों में भी स्थिति खराब है। प्रधानमंत्री जी के यशस्वी नेतृत्व के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट में भी भारत मजबूती के साथ अपने नागरिकों के साथ खड़ा है और उनके उत्थान के कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रहा है। यह तभी होता है, जब नीयत साफ होती है। देश अव्यवस्था, अराजकता, असुरक्षा, भ्रष्टाचार से मुक्त होकर एक शानदार यात्रा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने माँ गंगा से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री जी का यह यशस्वी नेतृत्व लम्बे समय तक देश को मिलता रहे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेशवासी कदम से कदम मिलाकर चलेंगे, तो उनके नेतृत्व में हमारा देश आगे बढ़ेगा तथा भारत को आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने की संकल्पना साकार होगी। कार्यक्रम को स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवीन्द्र जायसवाल ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 दयाशंकर मिश्र ’दयालु’, महापौर श्री अशोक तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर एवं श्री काल भैरव मन्दिर में दर्शन-पूजन किया।



