अजय सिंह
लखनऊ। दिनांक 06.06.2026 को थाना गाजीपुर क्षेत्र में एक महिला के साथ ऑटो चालक एवं उसके साथी द्वारा छेड़छाड़, मारपीट एवं गला दबाकर हत्या का प्रयास किए जाने तथा उसे रिंग रोड स्थित सेक्टर-25 के पास सड़क पर फेंक देने की सूचना प्राप्त हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना गाजीपुर पर तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए थाना स्थानीय पुलिस एवं लखनऊ पूर्वी जोन की क्राइम टीम को संयुक्त रूप से घटना के अनावरण हेतु लगाया गया।
पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य सुरागों के आधार पर घटना में शामिल अभियुक्त सुमित कश्यप को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके द्वारा अपने साथी सनी उर्फ शनि कश्यप की संलिप्तता बताई गई, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
इसी क्रम में दिनांक 07.06.2026 को थाना गाजीपुर पुलिस एवं लखनऊ पूर्वी जोन की क्राइम/सर्विलांस टीम द्वारा थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर बंधा रोड पर चेकिंग की जा रही थी। तभी मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मुकदमे में वांछित अभियुक्त सनी कश्यप पुत्र संतोष कश्यप निवासी गुड़ियन टोला, थाना नगर कोतवाली, जनपद सीतापुर, हाल पता प्रधान चक्की वाली गली, पलटन, थाना मड़ियांव, लखनऊ, घटना में प्रयुक्त ऑटो से कल्याण अपार्टमेंट की ओर से शक्ति नगर ढाल की तरफ आ रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर अभियुक्त भागने का प्रयास करने लगा और ऑटो अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकरा गया। इसके बाद अभियुक्त द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त सनी कश्यप के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस द्वारा तत्काल अभियुक्त को उपचार हेतु बलरामपुर अस्पताल, लखनऊ भेजा गया। अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, एक अवैध तमंचा एवं कारतूस बरामद किए गए हैं। अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।



