लखनऊ। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के संरक्षण में उनके लोगों द्वारा पूरे निषाद समाज को गालियां दी जा रही हैं भाजपा ने निषाद समाज का अपमान किया है। कांग्रेस प्रवक्ता को जिस प्रकार डीडी न्यूज सरकारी चैनल पर लाइव प्रसारण में मां-बहन की गालियां एवं धमकी भाजपा समर्थित राजू दास द्वारा दी गयी और अभी तक राजू दास पर अभी तक एफआईआर नहीं दर्ज की गयी इससे स्पष्ट है कि राजू दास को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का संरक्षण प्राप्त है। इनके संरक्षण में निषाद समाज के नेताओं को गालियां दिलायी जा रही है। उन्होने कहा कि चढ़ावा चोरी पर दूध का दूध-पानी का पानी, जैसा झूठा बयान देने वाले मुख्यमंत्री को यही निषाद समाज 2027 के विधानसभा चुनाव में दूध का दूध और पानी का पानी का असली अर्थ समझाने का काम करेगा। उन्होने कहा कि मेरे ऊपर झूठा आरोप लगाने वाले मुख्यमंत्री अब दिन-रात झूठ बोलते हैं, सत्ता का दुरूपयोग कर रहे हैं, झूठी घोषणाएं करते हैं। ये मठ में बैठने के लायक योगी नहीं झूठ बोलने वाले सत्ता के भोगी बन चुके हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पूर्व मंत्री ने मीडिया के समक्ष कहा कि अजय राय घुटने टेकने वाला नहीं है, घुटने टिकवाता है और सड़कों पर संघर्ष करने वाला है बनारस में लोकसभा चुनाव में 7 राउण्ड प्रधानमंत्री को पिछाड़कर साबित भी किया है, भाजपा सरकार के तमाम उत्पीड़न, जेल, तन्हाई के बावजूद न झुके न चेहरे पर शिकन आया। लेकिन योगी आदित्यनाथ पर हल्का सा कानूनी शिकंजा कसते ही संसद में फूट-फूटकर रोये। प्रदेश अध्यक्ष ने उस घटना का वीडियो भी मीडिया के समक्ष रखा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज निषाद समाज में बहुत ही दुःख और वेदना है। भाजपा द्वारा निषाद समाज के नेताओं, मां-बहनों को गालियां दिलायी जा रही हैं। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री जी चकिया में डेढ़ साल की बच्ची से दुष्कर्म, जौनपुर में 3 वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म, गाजियाबाद में बच्ची के साथ दुष्कर्म, गोरखपुर में 10 वर्ष की बच्ची को सिपाही द्वारा अगवा कर दुष्कर्म और हत्या की गयी, क्या इन घटनाओं में एन्काउण्टर-हाफ एन्काउण्टर या बुलडोजर की कार्यवाही हुई? उन्होने कहा कि भाजपा के तत्कालीन एमएलए कृष्णानन्द राय हत्याकाण्ड में मैं ही अपराधियों को सजा दिलायी इनके मंत्री और विधायक घुटने टेक दिए थे।
राम निहाल निषाद ने कहा कि उनके द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रण पर कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, एआईसीसी सचिव अभिषेक दत्त, सुरेन्द्र यादव आदि वरिष्ठ नेता पहुंचे थे। उन्होने भाजपा द्वारा निषाद समाज के पारंपरिक भोजन पर सवाल उठाने और निषाद समाज को अपमानित करने पर कहा कि मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान राम और गुहराज निषाद का संबंध प्राचीन समय से रहा है राम जी ने जिसको अपना मित्र कहा, श्रंृगवेरपुर आये थे। उन्हीं भगवान राम के मंदिर जिसमें निषादों ने निःस्वार्थ भाव से सेवा की, चंदा, चढ़ावा दिया उसे भाजपा के लोगों ने चुरा लिया। मैं इसे सहन नहीं कर पाया। निषाद समाज के साथ भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकार ने धोखा दिया है जिसे निषाद समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। कांग्रेस पार्टी ने निषाद समाज को तालाब, नौका घाट, बालू घाट और जमीन के पट्टे दिये जिसे भाजपा ने छीनने का काम किया और अब उनके पारंपरिक भोजन पर भी सवाल खड़ा कर उसे भी छीनने का काम कर रही है।
मंत्री संजय निषाद का एक बेटा भाजपा से सांसद और एक विधायक है। संजय निषाद झूठा नेता है। निषादों को यदि न्याय नहीं दिला सकते तो इन्हें खुद को निषादों का नेता कहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होने कहा कि कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद से अगर राजू दास माफी नहीं मांगेगे और जब तक उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की जाएगी तब तक निषाद समाज का संघर्ष जारी रहेगा। आज जननायक राहुल गांधी जी संविधान बचाने, गरीबों, वंचितों, पिछड़ों की आवाज उठा रहे हैं। राहुल गांधी जी ने निषादों को आश्वासन दिया है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर जो भाजपा ने निषादों के अधिकार छीने लिये हैं उसे वह दिलाने का काम करेगी। भाजपा ने जिस प्रकार निषाद समाज का अपमान किया है, निषाद समाज आने वाले 2027 के चुनाव में अपने अपमान का बदला अवश्य लेगा।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि देश की सभी मां हमारी मां हैं और हम सभी माताओं का सम्मान करते हैं उनके सम्मान में शीश झुकाते हैं। जिस प्रकार लाइव डिबेट में भाजपा समर्थित तथाकथित महंत राजू दास ने निषाद समाज का अपमान किया, उन्हें मां-बहन की गाली दी, यदि उन्हें राजू दास की मां मिल जाएं तो वह उनका पैर छुएंगे और उनसे यह सवाल जरूर पूछेंगे कि उन्होने अपने बेटे को कैसा संस्कार और परवरिस दी है। यह हमारा संस्कार है और गालीबाज राजू दास का उनका वह संस्कार है। उन्होने कहा कि इस प्रकरण से प्रदेश के निषाद समाज में बहुत रोष है। तमाम जनपदों में निषाद समाज के लोगों ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध प्रदर्शन किया है यदि राजू दास के खिलाफ कार्यवाही नहीं हुई तो यह आक्रोश व्यापक रूप धारण करेगा। उन्होने कहा कि राजू दास द्वारा गाली दिये जाने की घटना की शिकायत मथुरा सदर बाजार थाने में की है अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
उन्होने मुख्यमंत्री से मांग की है राजू दास के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करायी जाए और गिरफ्तारी की जाए, वरना यह माना जाएगा कि उन्हें मुख्यमंत्री का संरक्षण प्राप्त है और भाजपा निषादों को गालियां दिलवाने और अपमान कराने का काम कर रही है।पूर्व मंत्री डाॅ0 सी0पी0 राय, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, प्रवक्ता डा0 उमाशंकर पाण्डेय, प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता, विचार विभाग के चेयरमैन एच0एल0 दुसाध एवं वाइस चेयरमैन सुरेन्द्र यादव, सलमान बशर आदि वरिष्ठ नेतागण मौजूद रहे।



