चेहरे पर मुस्कान है…

झूठ छिपाने के लिए, झूठ हजारों बोल।  सच्चाई जब सामने, खुल जाए सब पोल॥

चेहरे पर मुस्कान है, मन में छिपा विकार।  मीठे बोलों के तले, पलता छल व्यापार॥

धन, पद, यौवन देखकर, जागे मन में चाह।  सच्चे रिश्ते छूटते, स्वार्थ पकड़ता राह॥

परहित की बातें करे, भीतर भरा विकार। कथनी-करनी बीच में, लंबा है विस्तार॥

घर की खुशियाँ छोड़कर, बाहर खोजे चैन।  मन के भीतर दोष हों, कटे न उसकी रैन॥

निष्ठा केवल शब्द है, जब मन हो बेईमान।  रिश्तों की हर डोर पर, पड़ जाता व्यवधान॥

पाप छिपे, छिपते नहीं, कर लो उपाय लाख।  समय स्वयं ही खोलता, कर्मों की सब साख॥

टूटे रिश्तों की व्यथा, कौन सुनेगा आज।  स्वार्थी मन के सामने, फीका हर अनुराग॥

संयम, सच, विश्वास से, रिश्ते पाते मान।  इनके बिन जीवन बने, केवल देह-मकान॥

—– राजू यादव

Related Articles

Back to top button